Uttarakhand IAS-PCS in Transfer: उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदलाव हुआ है। शासन की ओर से देर शाम जारी नोटिफिकेशन में 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, आईएएस आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी बनाया गया, उन्हें स्मार्ट सिटी CEO की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। जबकि निवर्तमान जिलाधिकारी एवं स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सविन बंसल को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है।
आईएएस बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। आईएएस अपूर्वा पांडेय को जिलाधिकारी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अबतक गढ़वाल कमिश्नर रहे विनय शंकर पांडे से उनकी यह जिम्मेदारी हटा दी गई है। उन्हें अब स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन सचिव के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है। वहीँ आईएएस आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार देकर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। जबकि अब तक स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन की जिम्मेदारी देख रहे सचिन कुर्वे को प्रति नियुक्ति के लिए राज्य सरकार ने रिलीज कर दिया है।
आईएएस आलोक कुमार पांडे नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त का पद संभालेंगे। आईएएस प्रतीक जैन को आयुक्त-कर और महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई। आईएएस दीप्ती सिंह को अल्पसंख्यक और युवा कल्याण विभाग सौंपा गया है। वहीं आईएएस संदीप तिवारी को NHM मिशन निदेशक के साथ GMVN MD का अतिरिक्त प्रभार मिला। आकांक्षा कोंडे अब महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा की भूमिका निभाएंगी। सरकार के इस बड़े फेरबदल के बाद नौकरशाही में नई रणनीति और नई कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
10 PCS अधिकारियों के हुए तबादले
उत्तराखंड शासन ने 10 पीसीएस अधिकारियों को भी इधर से उधर किया गया है। जिन अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ है उनमें गिरधारी सिंह रावत, इलागिरि, सुंदरलाल सेमवाल, महावीर सिंह चौहान, सुनील सिंह, फिन्चाराम, अनिल गर्ब्याल, जितेंद्र कुमार, योगेश मेहरा और प्रमोद कुमार का नाम शामिल है।
शासन की ओर से जारी ट्रांसफर लिस्ट में यह भी कहा गया है कि इस ट्रांसफर लिस्ट में जिन अधिकारियों का नाम शामिल है वे अपने वर्तमान पदभार और विभाग से मुक्त होकर नवीन तैनाती के पदभार विभाग में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें।



