Uttarakhand Swag Singer 2026: सेक्टर-25 स्थित मोदी मॉल में “उत्तराखंड स्वैग सिंगर 2026” का भव्य पोस्टर लॉन्च किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड संस्कृति प्रेमी एवं आयोजक बृजेश भंडारी और उनकी टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड की कला, संस्कृति और संगीत जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के निर्माता-निर्देशक मनोज चंदोला सहित बुद्धिजीवी वर्ग, कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों ने भाग लिया तथा पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। आयोजकों ने बताया कि “उत्तराखंड स्वैग सिंगर 2026” का उद्देश्य नई और छुपी हुई प्रतिभाओं को गायिकी के क्षेत्र में मंच प्रदान करना और उन्हें नई पहचान दिलाना है।

आयोजक बृजेश भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के ऑडिशन जल्द शुरू किए जाएंगे। प्रतिभागी व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से अपनी सिंगिंग वीडियो भेजकर ऑडिशन दे सकेंगे। इसके अलावा देहरादून, हल्द्वानी सहित कई शहरों में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, जिसकी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का भव्य फाइनल दिल्ली-एनसीआर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों के साथ समाज के गणमान्य व्यक्तियों की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।

प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

बृजेश भंडारी ने कहा कि उनकी टीम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली युवाओं को बड़ा मंच देकर उनके हुनर को पहचान दिलाना है। उन्होंने युवाओं से इस मंच से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि नई सोच और नए जोश के साथ युवाओं द्वारा संस्कृति को आगे बढ़ाने का यह प्रयास सराहनीय है और इससे उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं संगीत को नई पहचान मिलेगी।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता से जुड़ी आगे की सभी जानकारियां जल्द ही सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएंगी।