चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम बहुखंडी को समिति का केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रेम बहुखंडी उत्तराखंड राज्य आंदोलन के सक्रिय सेनानी रहे हैं और आंदोलन के दौरान उन्होंने जेल भी काटी। वे Jawaharlal Nehru University से पीएचडी हैं तथा लंबे समय तक कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के भाषण लेखक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी प्रेम बहुखंडी ने पिछले कई वर्षों में कांग्रेस के विभिन्न घोषणा पत्रों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा वे राज्य के विभिन्न जनसरोकारों और ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पर्यावरण एवं शिक्षा उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे हैं।
धीरेंद्र प्रताप ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम बहुखंडी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता बनने से समिति की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा राज्य आंदोलनकारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में सहायता मिलेगी।



