राजकीय महाविद्यालय तेगड़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
टिहरी गढ़वाल: राजकीय महाविद्यालय तेगड़, लोस्तू बडियार में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह नेगी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सृजना राणा ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजेश भट्ट ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” को वर्तमान समय में भी समान रूप से प्रेरणादायी बताते हुए विद्यार्थियों से इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र कपिल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने राष्ट्रहित, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लक्ष्मण नेगी, छात्र परिषद अध्यक्ष सूर्य प्रकाश तथा छात्राएं सुहानी, अनुष्का, अपेक्षा, मुस्कान सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













