देहरादून: उत्तराखंड सरकार के खेल विभाग ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और भारतीय लंबी एवं मध्यम दूरी की धाविका अंकिता ध्यानी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य के सर्वोच्च सम्मान देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सभी पुरस्कार विजेताओं को 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
खेल विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 तथा अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
वहीं, वर्ष 2025-26 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए मॉर्डन पैंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती (बागेश्वर), सक्षम प्रताप सिंह (काशीपुर, ऊधमसिंह नगर), पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी (रुड़की, हरिद्वार) तथा बॉक्सिंग खिलाड़ी खुशी चंद्र (पिथौरागढ़) का चयन किया गया है।
देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार वर्ष 2025-26 के लिए रोइंग कोच मुकेश शर्मा (धर्मावाला, देहरादून) को प्रदान किया जाएगा। वहीं, लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार हल्द्वानी निवासी वरिष्ठ बॉक्सिंग प्रशिक्षक मुकेश चंद्र बेलवाल को दिया जाएगा।
इसके अलावा वर्ष 2024-25 के लिए एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2024 के हिमालय रत्न पुरस्कार के लिए नहीं मिला कोई आवेदन
शासन के अनुसार, वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए विभाग को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। जबकि देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए तीन तथा देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन समिति की संस्तुति के आधार पर पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का चयन किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के इन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट योगदान को राज्य सरकार द्वारा सराहा जाएगा।













