नई दिल्ली। उत्तराखंड की कला, संस्कृति, रंगमंच और फिल्मों को समर्पित पत्रकार दीप सिलोड़ी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘एक मुलाकात’ शो ने सफलता के 50 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास उपलब्धि के साथ यह कार्यक्रम उत्तराखंड के कलाकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्कृति से जुड़े लोगों की जीवन यात्रा को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
पत्रकार दीप सिलोड़ी पिछले सात वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के लिए मीडिया के माध्यम से निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य उन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, जो अपनी कला और संघर्ष के बावजूद कहीं न कहीं गुमनामी में रह जाती हैं।
‘एक मुलाकात’ शो के माध्यम से दीप सिलोड़ी कलाकारों और प्रतिभाओं के जीवन संघर्ष, उपलब्धियों और सफर को दर्शकों तक पहुंचाते हैं, ताकि नई पीढ़ी उनके अनुभवों से प्रेरणा ले सके। उनका मानना है कि हर कलाकार की अपनी एक संघर्षपूर्ण कहानी होती है, जिसे समाज के सामने लाना जरूरी है।
कार्यक्रम के 50वें एपिसोड को उन्होंने वरिष्ठ कलाकार, निर्माता और निर्देशक शिव नारायण रावत के साथ पूरा किया।
चमोली के सिलोड़ी गांव से शुरू हुआ सफर
पत्रकार दीप सिलोड़ी मूल रूप से सिलोड़ी गांव, श्रीगुरु पट्टी, नारायणबगड़, पिंडर घाटी, जनपद चमोली (उत्तराखंड) के निवासी हैं और वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। उन्होंने पत्रकारिता में मास कम्युनिकेशन एवं जर्नलिज्म का पीजी डिप्लोमा तथा राजनीति विज्ञान में एमए किया है।
शुरुआत से ही राजनीति और सामाजिक मुद्दों में रुचि रखने वाले दीप सिलोड़ी ने पत्रकारिता में भी सामाजिक सरोकारों और जनहित के विषयों को प्राथमिकता दी। वर्तमान में वह कई मीडिया संस्थानों से जुड़े हुए हैं और उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आंचल प्रभात पत्रिका के माध्यम से अपना डिजिटल मंच भी तैयार किया है।
कई प्रमुख हस्तियों से कर चुके हैं बातचीत
‘एक मुलाकात’ शो में अब तक उत्तराखंड की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। इनमें लोकगायिका मंगला रावत, लोकगायक जगदीश बकरोला, सुनीता बेलवाल, शिव दत्त पंत, सतेंद्र फ्रेंडियाल, आशा नेगी, राकेश गुसाईं, जनार्दन नौटियाल, रज्जु बिष्ट, गोपाल रावत गबरू, शगुन उनियाल, फकीरा चंद चिनियाल, सुषमा जोशी और सचिन चौहान सहित अनेक कलाकार शामिल हैं।
इसके अलावा रंगमंच और स्टेज से जुड़े कलाकारों में ध्यांतरी नैथानी, अजय सिंह बिष्ट, गंगा ठाकुर, शिबू रावत, सतेंद्र भाई सुरु, विनोद रावत, मदन डुकलान, भोपाल राजा, कुसुम बिष्ट, ब्रिज मोहन वेदवाल, राहुल जुयाल और राहुल भट्ट जैसे कलाकारों की जीवन यात्रा भी कार्यक्रम में दिखाई गई है।
रामलीला और पारंपरिक कला से जुड़े कलाकारों, वाद्ययंत्रों को संजोने वाले कलाकारों तथा संगीत जगत की कई प्रतिभाओं को भी इस मंच पर स्थान मिला है। इनमें वीरेंद्र सिंह राही नेगी, नरेंद्र अजनबी, महेश गंधर्व सहित अनेक कलाकार शामिल हैं।
सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और संस्थाओं के साथ भी ‘एक मुलाकात’ शो के विशेष एपिसोड प्रसारित किए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड जागरण मंच आया नगर और उत्तराखंड पर्वतीय समाज जनकल्याण महासंघ देवली सहित कई संगठनों की गतिविधियों को दर्शाया गया है।
कलाकारों के जीवन का दस्तावेज बन रहा है शो
दीप सिलोड़ी का कहना है कि ‘एक मुलाकात’ केवल एक इंटरव्यू कार्यक्रम नहीं, बल्कि कलाकारों और समाजसेवियों के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों का दस्तावेज है। डिजिटल माध्यम के जरिए इन कहानियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने अपने सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों और कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्यार से ही यह सफर 50 एपिसोड तक पहुंच पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यह कार्यक्रम अपने 100 एपिसोड पूरे करेगा।
उन्होंने अपनी टीम के सदस्य गोविंद कोहली, मनोज कोठारी और द्वारिका प्रसाद का भी विशेष धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से यह यात्रा सफल हो सकी।
उत्तराखंड की संस्कृति, कला और समाज के मुद्दों को मीडिया के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए पत्रकार दीप सिलोड़ी का प्रयास लगातार जारी है। उनके इस कार्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी जा रही है।













