ग्रेटर नोएडा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त 2026 को ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 स्थित आई ब्लॉक की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) “जन कल्याण समिति” द्वारा ध्वजारोहण, प्रभात फेरी एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आज सुबह 9 बजे आई ब्लॉक के पार्क में सभी ब्लॉकवासी एकत्रित हुए, जहां से पूरे आई ब्लॉक में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘वन्दे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और अन्य देशभक्ति के नारों के साथ वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
प्रभात फेरी के उपरांत सभी लोग पार्क में एकत्रित हुए, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर जन कल्याण समिति की ओर से आई ब्लॉक के वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण करने का भी दिन है। सभी से सामाजिक एकता, सौहार्द और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष आरती शर्मा के नेतृत्व में बरिष्ठ नागरिक बैजनाथ शर्मा, प्रेमपाल, नव प्रभात, विनीत गोयल, अरुण लवानिया, जे.पी. रावत, सुशील शर्मा, राजवीर शर्मा, अरविंद पाल, सत्येन्द्र नेगी, गौरव, सुरेश, डॉ. सोनाली गुप्ता, सुनीता पाठक, प्रियंका, मीना नेगी, सीमा, दीपा, गीतिका और शिवानी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं ब्लॉक निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।