ग्रेटर नोएडा। सेंट जोसेफ स्कूल, सेक्टर अल्फा-1, ग्रेटर नोएडा में आयोजित सी.आई.एस.सी.ई. राष्ट्रीय बालिका वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए खिताबी मुकाबलों में देश के विभिन्न राज्यों की बालिका टीमों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उप खिताबी मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में कर्नाटक और महाराष्ट्र की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की टीमों ने अपनी-अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अंडर-19 वर्ग में पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना की संयुक्त टीम ने फाइनल में स्थान बनाया।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों की थकान को देखते हुए सभी खिताबी मुकाबले सुबह लगभग 10 बजे शुरू कराए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
पश्चिम बंगाल ने जीता अंडर-19 का खिताब
अंडर-19 वर्ग का फाइनल मुकाबला पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में पश्चिम बंगाल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आंध्र प्रदेश-तेलंगाना को 25-20 अंकों से हराकर सीआईएससीई चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
कर्नाटक बना अंडर-14 वर्ग का विजेता
अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में कर्नाटक और महाराष्ट्र की टीम आमने-सामने थीं। कर्नाटक की बालिकाओं ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए महाराष्ट्र को 40-35 अंकों से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
उत्तर प्रदेश ने जीता अंडर-17 वर्ग का खिताब
अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। उत्तर प्रदेश की खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को 47-31 अंकों से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
अंडर-14 वर्ग:
- प्रथम – कर्नाटक
- द्वितीय – महाराष्ट्र
- तृतीय – उत्तर प्रदेश
अंडर-17 वर्ग:
- प्रथम – उत्तर प्रदेश
- द्वितीय – महाराष्ट्र
- तृतीय – तमिलनाडु
अंडर-19 वर्ग:
- प्रथम – पश्चिम बंगाल
- द्वितीय – आंध्र प्रदेश-तेलंगाना
- तृतीय – तमिलनाडु
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अंडर-14 वर्ग: देविशा झा (कर्नाटक)
अंडर-17 वर्ग: क्रिया कौशिक (महाराष्ट्र)
अंडर-19 वर्ग: अवनी बंसल (पश्चिम बंगाल)
निर्णायक मंडल के सदस्यों ने पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल कौशल और अनुशासन के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन किया।
पूनम चतुर्वेदी ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ियों में शामिल सुश्री पूनम चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आलोचना और असफलता कभी-कभी मनोबल और आत्मविश्वास को प्रभावित करती हैं, लेकिन खिलाड़ियों को धैर्य बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
द्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने प्रतियोगिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों के खेल कौशल की सराहना की। उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता की सफलता पूरे विद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आयोजन में विद्यालय के प्रत्येक सदस्य का योगदान सराहनीय रहा, चाहे वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हों, शिक्षक हों या विद्यार्थी। सभी के सहयोग से यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।













