टिहरी गढ़वाल: राजकीय महाविद्यालय तेगड़, लोस्तू, बढ़ियार, टिहरी गढ़वाल में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के महत्व, उसके गौरव एवं रोजगार की संभावनाओं पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। विभाग प्रभारी हिंदी डॉ . सृजना राणा ने हिंदी भाषा की विकास यात्रा, राजभाषा के रूप में हिंदी की भूमिका तथा हिंदी के व्यापक स्वरूप पर प्रकाश डाला। डॉ . राजेश भट्ट ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि पत्रकारिता, अनुवाद, अध्यापन, लेखन, प्रशासन, मीडिया, डिजिटल कंटेंट एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध कराने वाली भाषा भी है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र कपिल ने हिंदी भाषा के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। डॉ. कविता ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, साहित्य और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को मातृभाषा एवं राजभाषा के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. अनिल ने सोशल मीडिया और हिंदी की भूमिका पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर रोजगार के क्षेत्र में हिंदी की भूमिका पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें अपेक्षा प्रथम, सुहानी द्वितीय, अलका तृतीय स्थान पर रहे। सूर्य प्रकाश जोशी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल में डाॅ.दिनेश सिंह नेगी, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. कविता रहे।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. सृजना राणा, डॉ. दिनेश सिंह नेगी, श्रीमती कविता बिष्ट, श्री लक्ष्मण नेगी, श्री संदीप सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि एवं गौरव की भावना विकसित करने के साथ-साथ हिंदी को शिक्षा, रोजगार और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से जोड़ने के लिए प्रेरित करना रहा।













