टिहरी गढ़वाल: राजकीय महाविद्यालय तेगड़, लोस्तू, बडियार, टिहरी गढ़वाल में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को अर्थशास्त्र विभाग की विभागीय परिषद का गठन किया गया। परिषद का गठन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, उत्तरदायित्व की भावना तथा विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह नेगी के निर्देशन में गठित परिषद में छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। परिषद में अनुष्का को अध्यक्ष, नैनीश कैंतुरा को उपाध्यक्ष, अपेक्षा नेगी को महासचिव, कृष्णा को सहसचिव तथा नैना को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर विभाग प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह नेगी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को परिषद के उद्देश्यों एवं दायित्वों से अवगत कराते हुए कहा कि विभागीय परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग की भावना तथा निर्णय लेने की दक्षता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विभागीय परिषद के गठन से विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। महाविद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

















