Home उत्तराखण्ड द्वारीखाल ब्लॉक विज्ञान महोत्सव-2026: 24 विद्यालयों के 140 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान...

द्वारीखाल ब्लॉक विज्ञान महोत्सव-2026: 24 विद्यालयों के 140 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान प्रतिभा का किया प्रदर्शन

Dwarikhal Block Science Festival 2026: राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल में विकासखंड द्वारीखाल के खंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव-2026 के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड के 24 विद्यालयों के 140 बाल वैज्ञानिकों ने अपने शिक्षकों के साथ प्रतिभाग कर विज्ञान एवं नवाचार आधारित उत्कृष्ट मॉडल और प्रस्तुतियां प्रदर्शित कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपखंड शिक्षा अधिकारी द्वारीखाल सुश्री विनीता रावत, पीटीए अध्यक्ष अनिल सिंह रावत, एसएमसी अध्यक्ष कमलेश काला तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार” तथा विज्ञान ड्रामा का विषय “मानव जाति के कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी” रखा गया। ब्लॉक विज्ञान समन्वयक महेंद्र सिंह राणा ने विज्ञान महोत्सव की उपयोगिता, वैज्ञानिक सोच के विकास तथा विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विज्ञान प्रदर्शनी में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय प्रतिरूपण एवं कम्प्यूटेशनल चिंतन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन तथा आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया।

विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज सतपुली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विज्ञान सह-समन्वयक रश्मि रावत सहित रूपेश कुकरेती, इन्द्रपाल, धीरेन्द्र राणा, गणेश चन्द्र डोबरियाल, नीरज पथिक, अखिलेश रावत, सुषमा नैनवाल, सुषमा उनियाल, आभा रावत, सर्वेश्वर प्रसाद, भारती डबराल, अनीता रावत, शिव प्रसाद अग्रवाल, प्रदीप नेगी, संगीता बड़थ्वाल, संगीता, सुमनलता, अर्जुन सिंह एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथियों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।