Home उत्तराखण्ड 12 साल की सनाया ने रचा इतिहास, सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में...

12 साल की सनाया ने रचा इतिहास, सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में तीन पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालिफाई

श्रीनगर गढ़वाल: उम्र महज 12 साल, लेकिन हौसले और निशानेबाजी ऐसी कि अनुभवी खिलाड़ियों को भी कड़ी टक्कर दे रही हैं। श्रीनगर गढ़वाल की होनहार तीरंदाज सनाया भंडारी (माही) ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन नवंबर में मेघालय के शिलांग में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है।

टिहरी गढ़वाल में 17 एवं 18 अक्टूबर को आयोजित नौवीं सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए। महज 12 वर्ष की उम्र में सीनियर कैटेगरी में खेलते हुए यह उपलब्धि उनकी असाधारण प्रतिभा और कठिन परिश्रम का परिचायक है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 130 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें पुलिस, सेना, चिकित्सा क्षेत्र सहित विभिन्न वर्गों के अनुभवी तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बीच सनाया ने अपने सटीक निशानों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

सनाया ने रैंकिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता। इस मुकाबले में उन्होंने अल्मोड़ा की एक डॉक्टर खिलाड़ी को पराजित कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक तथा मिक्स टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर कुल तीन पदक अपने नाम किए।

सनाया की इस शानदार सफलता से श्रीनगर गढ़वाल सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी सनाया अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।