young man hanged himself from a bridge near Satpuli

Satpuli Suicide Case: पौड़ी गढ़वाल के सतपुली क्षेत्र से शनिवार सुबह एक युवक द्वारा पुल से लटककर जान देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक सतपुली के निकट रेतपुर-भिताड़ा संसलधार (दंगलेश्वर) पुल से लटक कर एक 19 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने सतपुली थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्वयं की जीवन लीला समाप्त करने की बात कही थी। वीडियो मे पंकज पुलिस पर उसकी पिटाई करने का आरोप लगा रहा था।

SDRF से मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह थाना सतपुली के माध्यम से SDRF टीम को सूचना प्राप्त हुई कि सतपुली क्षेत्रांतर्गत रैतपुर मार्ग पर स्थित संसलधार (दंगलेश्वर) पुल पर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है, जिसका शव पुल से नीचे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पोस्ट सतपुली से मुख्य आरक्षी विकास रमोला के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। ​घटनास्थल पर पहुँचकर SDRF टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पुल से लटके हुए युवक के शव को सुरक्षित नीचे उतारा। शव को मुख्य सड़क तक पहुँचाकर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।

​ मृतक युवक की पहचान पंकज कुमार पुत्र स्वर्गीय प्रकाश चंद, उम्र 19 वर्ष, ​निवासी: ग्राम रैतपुर, ब्लॉक जहारीखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रुप मे हुई है।

उधर पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पंकज की बाइक सतपुली में ही एक व्यक्ति से टकरा गई। मामला थाने में पहुंचा। पुलिस के अनुसार पंकज नशे की हालत में था, जिस कारण उसकी बाइक सीज करते हुए उसका एमवी एक्ट के तहत चालान किया था। पुलिस यह भी दावा कर रही है कि पंकज को चोट बाइक से गिरने के कारण आई थी, न कि किसी मारपीट से। अब युवक की मौत के मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) करेंगें।