Home उत्तराखण्ड उत्तराखंड: पंचायत चुनाव लड़ने वाले जनप्रतिनिधियों के लिए अच्छी खबर, दो बच्चों...

उत्तराखंड: पंचायत चुनाव लड़ने वाले जनप्रतिनिधियों के लिए अच्छी खबर, दो बच्चों वाले नियम में मिली बड़ी राहत

two children to contest panchayat elections

टिहरी गढ़वाल: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने वाले जनप्रतिनिधि, जिनके दो से अधिक बच्चे हैं, उनके लिए राहत की खबर है। ऐसे सभी पात्र व्यक्ति पंचायत चुनाव लड़ सकते हैं जिनके 25 जुलाई 2019 से पूर्व दो से अधिक बच्चे हैं। उक्त बात कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गढ़वाल भ्रमण के सातवें दिन शनिवार को जनपद मुख्यालय सभागार में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करते हुए कही।

उन्होने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने वाले ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों जिनके 25 जुलाई 2019 से पहले दो से अधिक बच्चे हैं उनके चुनाव लड़ने पर अब दो बच्चों की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है।

कैबिनेट मंत्री महाराज ने जिला मुख्यालय सभागार में 13 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ-साथ टिहरी बांध प्रभावित परिवारों के पात्र 100 लोगों को 29 करोड़ 55 लाख 33 हजार 7 सौ 37 रुपये की धनराशि के चेक एवं रौलाकोट के 113 पात्र व्यक्तियों को भूखंड आवंटन पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर महाराज ने कहा कि प्रभावित परिवारों को अब तक 40 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मुआवजे के रूप में दी जा चुकी है जबकि अन्य प्रभावित ग्रामों के पात्र व्यक्तियों को भी शीघ्र मुआवजा दिये जाने के अलावा उनकी पुनर्वास संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण उपस्थित रहे।