Home उत्तराखण्ड दुखद: दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिरी कार, गढ़वाल राइफल के जवान की...

दुखद: दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिरी कार, गढ़वाल राइफल के जवान की मौत

car accident in chamoli

Car Accident: उत्तराखंड में चमोली जनपद में कल रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में गढ़वाल राइफल के जवान की मौत हो गयी। SDRF से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब 9:30 बजे देवाल-सुयालकोट-मानमती मोटर मार्ग पर रैन एवं गरसूं गांव के बीच एक कार वाहन संख्या UK 07 FF 0499 अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में गिरकर पिंडर नदी में समा गई। इस हादसे में रैन गांव निवासी एवं भारतीय सेना के 32 वर्षीय जवान प्रमोद सिंह पुत्र महिपाल सिंह बिष्ट की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक रैन फैंटी गांव निवासी प्रमोद सिंह (32 वर्ष) 14 गढ़वाल राइफल में तैनात थे। वह दस दिन पूर्व ही छुट्टी पर घर आये थे। प्रमोद बृहस्पतिवार को कार से अपने गांव जा रहे थे, इस दौरान रैन गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे पिंडर नदी में जा गिरी।

सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ ग्रामीणों द्वारा रेसक्यू अभियान किया गया, लेकिन रात होने के कारण जवान की तलाश नहीं हो पाई। शुक्रवार दोपहर को पानी में डूबी कार से अंदर से मृतक का शव निकाला गया। बताया कि कार में प्रमोद अकेले ही सवार थे। शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रमोद अपने पीछे पत्नी, पांच साल का बेटा व  माता, पिता को छोड़ गए।