रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बजीरा-जखोली मोटर मार्ग पर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मौके पर डीडीआरएफ टीम, तहसील जखोली प्रशासन, पुलिस बल और 108 एम्बुलेंस को रवाना किया गया। चौकी जखोली पुलिस और रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाई में उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली भेजा गया है। हादसे में वाहन चालक राजीव कुमार (46 वर्ष), निवासी ललूड़ी जखोली, गजेन्द्र (40 वर्ष), निवासी काण्डई मयाली, तथा छुम्मा देवी (55 वर्ष), निवासी ऐकलिंग बुढना घायल हुए हैं। इनमें छुम्मा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना स्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं, क्योंकि वाहन गहरी खाई में जा गिरा था। इसके बावजूद राहत व बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। चौकी जखोली से प्राप्त सूचना के अनुसार रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल महिला की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी एवं अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



