Home उत्तराखण्ड उत्तराखंड : सीएम धामी ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 21 IAS सहित...

उत्तराखंड : सीएम धामी ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 21 IAS सहित 22 नौकरशाहों के विभाग बदले

ias transfer in Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पद संभालने के बाद पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री ने 21 IAS सहित 22 नौकरशाहों के विभाग बदल दिए हैं। मंगलवार देर रात जारी तबादला सूची के अनुसार सीएम धामी ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को जहां मुख्यमंत्री कार्यालय की कमान सौंपी है, वहीं राधिका झा को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग का दायित्व दिया गया है।

सूची के अनुसार राधा रतूड़ी अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) के रूप में आनंद बर्धन का स्थान लेंगी, आनंद बर्धन को अब राजस्व, ग्राम्य विकास, शहरी विकास एवं आवास महकमों की जिम्मेदारी दी गई है। राधा रतूड़ी मुख्यमंत्री कार्यालय के अलावा गृह एवं कारागार विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। वहीँ राधिका झा को पंकज पांडे की जगह स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है। पंकज पांडे को औद्योगिक विकास, खनन, आयुष एवं आयुष शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव शैलेष बगोली अब सतर्कता, कार्मिक, कृषि और उच्च शिक्षा विभाग भी देखेंगे। मुख्य सचिव एसएस संधु अपने वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त मुख्य स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु से गृह एवं कारागार विभाग का जिम्मा वापस ले लिया गया है, जबकि वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन जैसे विभाग उनके पास बने रहेंगे।

इसके अलावा, अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव एल फनई, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, नितेश कुमार झा, अरविंद हयांकी, सचिन कुर्वे, सौजन्या, वीवीआरसी पुरुषोत्तम, रंजीत सिन्हा, हरिचंद्र सेमवाल, चंद्रेश कुमार यादव, विजय कुमार यादव और प्रभारी सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी के दायित्वों में भी फेरबदल किया गया है।