Home उत्तराखण्ड उत्तराखंड : आपदा में मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 77, सबसे ज्यादा नैनीताल में,...

उत्तराखंड : आपदा में मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 77, सबसे ज्यादा नैनीताल में, अब भी 5 लोग लापता, 900 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

Uttarakhand Disaster 2021

Uttarakhand Disaster 2021 : उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों ने पिछले दिनों आई आपदा से राज्य को जान माल की बड़ी क्षति हुई है। अब तक इस आपदा में मारे गए लोगों की संख्या 77 हो चुकी है, जबकि 5 लोगों का अभी भी कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीँ 24 लोग घायल हैं। इसके अलावा इस आपदा में 232 से अधिक परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में 18 व 19 अक्तूबर को आई आपदा में सड़कों, पुलों, आवासीय और व्यावसायिक भवनों, फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पशु हानि भी हुई है। कई स्कूल भवन और अन्य सरकारी भवन भी इसकी जद में आए हैं। कुल मिलाकर अभी तक 10 से 12 विभागों की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर 900 करोड़ रुपये के नुकसान का प्राथमिक आकलन किया गया है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार अब तक आपदा में मरने वाले लोगों का आंकड़ा 77 पहुंच गया है। नैनीताल जिले में सर्वाधिक 35 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल हैं। चंपावत में 11 की मौत, 4 घायल, अल्मोड़ा में 6 की मौत, दो घायल, बागेश्वर में 4 की मौत, यूएस नगर में 2 की मौत, तीन घायल, पौड़ी में 3 लोगों की मौत, दो घायल, पिथौरागढ़ में 3 लोगों की मौत, दो घायल, चमोली में एक की मौत, 4 घायल और उत्तरकाशी में 10 लोगों की मौत, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा इस आपदा में 232 से अधिक सरकारी परिसंपत्तियों (भवनों/घरों) को नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में आपदा से खेती किसानों को लगभग 97 करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है। जबकि कुल मिलाकर इस आपदा में अब तक 900 करोड़ रुपये के नुकसान का प्राथमिक आकलन किया गया है।