delhi-metro-record-passengers

Delhi Metro: देश की राजधानी दिल्ली की लाइफ लाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में सर्वाधिक यात्रियों के सफर करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली मेट्रो ने 28 अगस्त 2023 को एक दिन में यात्रा करने वाली अब तक की सबसे अधिक संख्या दर्ज की है। दिल्ली मेट्रो में 28 अगस्त के दिन 68 लाख 16 हजार लोगों ने सफर किया। डीएमआरसी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

डीएमआरसी ने कहा कि इससे पहले 10 फरवरी 2020 (कोरोना महामारी से पहले) को 66 लाख 18 हजार 717 लोगों ने एक दिन में सफर किया था। इस बार रक्षा बंधन के त्योहार से कुछ दिन पहले रिकॉर्ड आंकड़े दर्ज हुआ है। इस अवसर पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। लेकिन इस बार यह कुछ दिन पहले हुआ। यह कोरोना महामारी की शुरुआत से पहले और बाद में अब तक की सबसे अधिक दैनिक यात्री यात्रा है।

रक्षाबंधन के दिन 106 अतिरिक्त मेट्रो चलेंगी

रक्षाबंधन पर दिल्ली मेट्रो ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख अतिरिक्त मेट्रो ट्रेन चलाने के साथ ही कई ट्रेनों को स्टैंडबाय में भी रखा गया है। ताकि यात्रियों की भीड़ बढ़ते ही उसे ट्रैक पर दौड़ाई जा सके। रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं। बीते सालों में रक्षाबंधन के दिन दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने का अनुभव रहा है। इसे देखते हुए बुधवार को अन्य दिनों के मुकाबले 106 अतिरिक्त ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। भारी भीड़ से निपटने के लिए सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती रहेगी साथ ही अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे।