सेवानिवृत्त कर्मचारियों में 8वें वेतन आयोग और पेंशन व्यवस्था को लेकर नाराजगी
ग्रेटर नोएडा: सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश, शाखा जनपद गौतम बुद्ध नगर के आह्वान पर आगामी 21 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में पेंशनर्स द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि 8वें वेतन आयोग के नोटिफिकेशन में पेंशन से जुड़े मुद्दों को शामिल न किए जाने से पेंशनर्स में गहरा असंतोष है। इसके अलावा वर्ष 2025 के प्रस्तावित विधेयक में पुरानी पेंशन व्यवस्था को बदलकर अन्य प्रणाली लागू करने के प्रयासों को लेकर भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों में चिंता व्याप्त है।
पेंशनर्स का कहना है कि इन प्रस्तावित बदलावों से उन्हें मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं, जिससे उनका भविष्य असुरक्षित हो जाएगा। इसी के विरोध में यह धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, ताकि सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके।
एसोसिएशन के अनुसार, कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा और इसमें लगभग 150 से 200 पेंशनर्स के शामिल होने की संभावना है।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि निर्धारित समय पर किसी सक्षम अधिकारी को उपस्थित कर ज्ञापन स्वीकार कराया जाए, जिससे उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जा सके।



