Father kills son a few hours before marriage in Delhi

New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यह घटना दक्षिण दिल्ली के देवली इलाके की है। घटना को अंजाम देने के बाद पिता फरार हो गया। हालाँकि पुलिस ने उसे जयपुर से गुरुवार की रात पकड़ लिया। मृतक युवक का नाम गौरव सिंघल है। वह दिल्ली में जिम चलाता था।

जानकरी के मुताबिक दिल्ली के देवली एक्सटेंशन स्थित राजू पार्क के पास एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी से ठीक एक दिन पहले ही युवक की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। शादी की तैयारियों, ढोल और नाच गानों की आवाज में किसी को वारदात के बारे में पता नहीं चला सका। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 7 मार्च की आधी रात तकरीबन 12:30 बजे देवली एक्सटेंशन के राजू पार्क से मर्डर की सूचना मिली। जानकारी के तुरंत बाद तिगरी थाना पुलिस और पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को पता चला कि 29 साल के गौरव सिंघल नाम के युवक पर चाकू से हमला हुआ है। परिजन उसे मैक्स हॉस्पिटल लेकर गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो पता लगा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही गौरव की मौत हो चुकी थी।

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की तो वहां खून बिखरा था। देखकर लग रहा था कि जैसे चाकू मारने के बाद गौरव की बॉडी को घसीटा गया है। शायद उसकी वजह यह थी कि कातिल नहीं चाहता था कि गौरव की बॉडी परिवार वालों को तुरंत मिले।

गौरव सिंघल की शादी होने वाली थी। घटना के समय परिवार के लोग बगल के घर में शादी से जुड़े कार्यक्रम में थे। वहां डांस व म्यूजिक चल रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि उसी दौरान घर के अंदर ही पिता ने तीन लोगों के साथ मिलकर अपने बेटे गौरव की हत्या कर दी। जांच में पता चला कि मृतक गौरव व उसके पिता रंगलाल के बीच विवाद रहता था। काफी समय पहले किसी बात विवाद में गौरव ने अपने पिता रंगलाल को थप्पड़ मार दिया था, इसके बाद दोनों के बीच बातचीच बंद हो गई। रंगलाल तभी से अपने बेटे से काफी परेशान था। इसलिए उसने बेटे को शादी से एक दिन पहले दूसरे मकान में बुलाकर दोस्तों के साथ मिलकर मार डाला। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि आरोपियों ने धारदार हथियार से गौरव के चेहरे और छाती पर करीब 15 वार किए। स्वजन से पूछताछ की तो बताया कि रात दस बजे कुछ युवक गौरव को घर से बुलाकर उनके दूसरे मकान में ले गए थे।

दक्षिणी जिले के डीसीपी अंकित चौहान का कहना है कि गौरव का पिता रंगलाल सिंघल घर से भागते वक्त 50 लाख की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये कैश लेकर गया था। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि किसी बात पर उसकी अपने बेटे गौरव से लड़ाई हो गई थी। इसी दौरान गौरव ने अपने पिता रंगलाल को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद रंगलाल ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर गौरव की हत्या कर दी और कैश व जेवरात लेकर घर से फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि इस घटना में एक और एंगल सामने आया है। गौरव सिंघल शादी नहीं करना चाहता था। वह किसी दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार वालों के दबाव में आकर वह ये शादी कर रहा था। इस मुद्दे पर पिता-पुत्र की अक्सर लड़ाई होती रहती थी।मृतक गौरव घर के पास ही जिम चलाता था। वह चार साल से अधिक समय से जिम का संचालन कर रहा था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।