Heat Wave Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बीते दो-तीन दिनों से मानों आसमान से आग बरस रही है। देश के अधिकतर राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में हर रोज तापमान बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में आज तेज धूप के साथ लू थपेड़े चल रहे हैं। लोगों को बाहर निकलने में खासा परेशानी हो रही है। शनिवार को दिल्ली के रिज इलाके में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जबकि औसत अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर पूर्वाह्न 11 से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

शुक्रवार को दिल्ली का नजफगढ़ रहा सबसे गर्म

शुक्रवार को दिल्ली का नजफगढ़ इलाका देश का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा था। शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा में तापमान 46.9 डिग्री तक पहुंच गया। इस बीच भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन तक लू चलेगी। मौसम विभाग ने 21 मई तक कई राज्यों में लू (Heat Wave) का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत इन दिनों भीषण लू की चपेट में है और राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में 17 मई से लेकर 21 मई तक भयंकर लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान के लिए लू का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश, झारखंड, बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और ओडिशा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बता दें जब मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच जाता है और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर तो उस स्थिति को हीटवेव की स्थिति माना जाता है। हिमाचल के ऊना में शुक्रवार को 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं आगरा में 46.9 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 44.5 डिग्री सेल्सियस, राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस और दिल्ली के आयानगर का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों तक हीटवेव की स्थिति रहेगी। खासकर पूर्वी और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक हालात ज्यादा खतरनाक रहेंगे।

हीटवेव से पचने के लिए दी गई सलाह :

  • 5-6 लीटर पानी पीएं, हर आधा घंटे में एक गिलास पानी पीएं।
  • बाजार के जरूरी कार्य सुबह और शाम को निपटाएं।
  • बाहर जाते वक्त पूरी आस्तीन के सूती कपड़े पहनें, सिर-कान ढकें। चश्मा लगाएं।
  • बाजार के भोजन, फास्ट फूड और तेल-चिकनाईयुक्त भोजन से बचें।
  • चाय-कॉफी, धूम्रपान, तंबाकू और शराब का इस्तेमाल न करें।
  • छाछ, लस्सी, नींबू-पानी, शिंकजी, नारियल पानी खूब पीएं।
  • तरबूज, खरबूज, संतरा, अंगूर समेत रसदार फल खाएं।
  • सलाद में टमाटर, खीरा, ककड़ी अधिक खाएं।
  • तोरई, लौकी समेत हरी तरकारी भोजन में अधिक लें।