Mahakauthig Noida 2025: नोएडा स्टेडियम में चले रहे 15वें महाकौथिग मेले के छठवें दिन गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी को सुनने के लिए प्रवासी उत्तराखंडियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आज मेले में सुबह से दर्शकों की भीड़ देखने को मिली, और शाम होते होते पूरा स्टेडियम खचाखच भर गया.
सुबह का सत्र सुपर मॉम के नाम रहा।
आज छठवें दिन सुबह के सत्र का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ प्रवीण रंजन DCP ट्रैफिक, नोएडा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिसके बाद विधिवत रूप से सुबह के सत्र के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्होंने महाकौथिग के शानदार आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज मुझे नोएडा में महाकौथिग के मंच पर जागेश्वर धाम के दर्शन करते हुए बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने उत्तराखंडी खान-पान एवं परिधानों की दिल खोलकर प्रशंसा की।
आज सुबह मुख्य रूप से उतराखंडी सुपर मॉम प्रतियोगिता आयोजित की गयी, जिसमे 16 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता मे मुख्य जज की भूमिका मे लोक गायिका स्वर कोलिला कल्पना चौहान, उतरखंडी अभिनेत्री मनीषा मलकोटी, उतराखंडी संगीत निर्देशक राकेश गुसाईं रहे। तीन राउंड तक चली प्रतियोगिता मे जजों ने प्रतिभागियों से मंच पर परिचय, लोक नृत्य तथा उत्तराखंड से संबंधित खानपान, वस्त्र, आभूषण, बोली भाषा एवं उनके सामाजिक योगदान को लेकर प्रश्न उत्तर किए गए।
सुपर मॉम प्रतियोगिता की विजेता दिल्ली बुराड़ी की पूनम तोमर बनी, जबकि दूसरे स्थान पर नोएडा सेक्टर -22 की सुनीता नयाल, तथा तीसरा स्थान ममता गुसाईं सुपरटेक नोएडा ने हासिल किया। इसके साथ ही विशेष पुरस्कार मे बिगरेली बांद का पुरस्कार रेनु उनियाल, इंद्रापुरम को मिला तथा लंबी धौंपेली का पुरस्कार कविता भाकुनी, मयूर विहार फेस-3 को दिया गया।
शाम के सत्र मे रही गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी जी के गीतों के धूम
शाम के सत्र का शुभारम्भ उत्तराखंड भाजपा की महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने दीप प्रज्वलति कर किया। इस मौके पर उन्होंने रिवर्स पलायन पर जोर दिया साथ ही अपनी जड़ों से जुड़ने का आह्वाहन किया। उसके बाद गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी जी द्वारा देवस्तुति गान से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। जिसके बाद नेगी जी ने त्रिजुगी नारायणा, यख पहाड़ों मा जड्डू ह्वे गे भारि..भाभर जयोला…, लागी भटूली हो हो.., जोगटों कु जोग सलाणा स्याली सर…, जैसे एक से बढ़कर एक सुपरहिट लोक गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उसके बाद लोक गायक अनिल बिष्ट ने हनुमंत बलबीरा, ऐजा ए भानुमति पाबो बजारा, चैता कि चैत्वाल्या.. जैसे गीतों से समा बांध दिया। वहीँ लोक गायिका प्रतीक्षा बमराड़ा ने भी सुंदर लोक गीतों की प्रस्तुति दी. आज भी पूरा नोएडा स्टेडियम दर्शकों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया।
इस मौके पर उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष जेपीएस रावत को महाकौथिग के मंच पर सम्मानित किया गया।
महाकौथिग में पहाड़ी उत्पादों, आभूषणों एवं पोशाकों के अलावा पहाड़ी खानपान के करीब 187 स्टाल लगे हैं। जहाँ पर आज लोगों ने जमकर खरीददारी की। कुल मिलाकर आज का दिन स्टाल मालिकों के लिए भी पैसा वसूल का रहा। कल महाकौथिग के अंतिम दिन भी क्रिसमस की छुट्टी के चलते भारी भीड़ का अनुमान लगाया जा रहा है।
इस अवसर पर महाकौथिग के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, संस्थापक कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंद्रा चौधरी, मीडिया प्रभारी रजनी जोशी, सत्येंद्र नेगी, नीरज रावत समेत समस्त महाकौथिग टीम उपस्थित रही।



