दिल्ली: दिल्ली के पांडव नगर में 4 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म मामले में गढ़वाल हितैषिणी सभा के अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट की अगुवाई में उत्तराखंड समाज का एक शिष्टमंडल SHO थाना  मन्डावली, ACP व DCP से मिला। इस दौरान शिष्टमंडल ने इस केस के हर पहलू पर विस्तार से बात की। तथा FIR के विषय में विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही पीड़ित बालिका के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। तथा वर्तमान परिदृश्य में बालिका व पीड़ित परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता, मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग को सुनिश्चित करने तथा इस जघन्य अपराध में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार करने तथा इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा दर्ज करने हेतु लिखित पत्र पुलिस अधिकारियों को सौंपे गये।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुजरिम को तुरंत गिरफ्तार कर पोक्सो एक्ट की संगीन धाराओं के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया है।, जांच की कार्यवाही फूल प्रूफ है। DLSA को भी फाइल भेज दी गई है।

शिष्टमंडल में गढ़वाल हितैषिणी के अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट, मानिटरिंग कमेटी सदस्य मनवर सिंह रावत, विनोद बछेती, कुलदीप भन्डारी, रोशनी चमोली, प्रेमा धोनी, कुसुम कंडवाल भट्ट, गढ़वाल हितैषिणी सभा के संगठन सचिव मुरारी लाल खण्डूरी, अनिल पन्त, सुबोध रावत शामिल रहे।

ये है वह शर्मनाक घटना

देश की राजधानी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में शनिवार शाम को एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित रेप की घटना को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित बच्ची ट्यूशन पढ़ने के लिए आरोपी अरमान की बहन के घर जाती थी। शनिवार को मासूम कोचिंग सेंटर पहुंची तो वहां पर महिला टीचर नहीं थी। लेकिन उसका आरोपी भाई वहां पर मौजूद था। आरोप है कि महिला के 34 वर्षीय भाई ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देकर घर भेज दिया। इसीबीच रात को बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। जिस पर परिवार के लोग उसे नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने दुष्कर्म की बात कहकर मासूम को लाल बहादुर अस्पताल भेज दिया। बाद में बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी के घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ आरोपी के घर में घुसने का प्रयास करने लगी। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ कर उसकी दुकान का सारा सामान होलिका दहन वाली जगह रख दिया था. जिसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया। मंडावली थाना पुलिस ने आरोपी अरमान के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।