Ramlila staged by women artistes from January 2 at Delhi's Garhwal Bhavan

नई दिल्ली : दिल्ली में उत्तराखंड समाज की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक गढ़वाल हितैषिणी सभा अपने शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए आगामी 2 जनवरी से 12 जनवरी 2023 तक नई दिल्ली के पंचकुइयां रोड़ स्थित गढ़वाल भवन में एक भव्य रामलीला का आयोजन कराने जा रही है।

गुरुवार को गढ़वाल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सभा के अध्यक्ष अजय बिष्ट ने बताया कि हम शताब्दी वर्ष के शुभारंभ में प्रभु राम से जुडी लीलाओं का मंचन करने जा रहे हैं। जिसे केदार बद्री मानव श्रम समिति की महिला कलाकारों द्वारा अभिनीत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि रामलीला का मंचन 2 जनवरी से शाम 4 बजे से 7.30 बजे तक किया जायेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक योगा भी कराया जाएगा।

अजय बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने रामलीला मंचन में अपनी उपस्थिति के लिए सभा को स्वीकृति दे दी है। साथ ही अनेक राजनेताओं, प्रशासनिक सेवा के अधिकारीयों व समाज के गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि हम शताब्दी वर्ष में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

अजय बिष्ट ने समस्त उत्तराखंड समाज से सपरिवार प्रभु राम की लीला को देखने का आह्वान किया है। प्रेस वार्ता में सभा के उप-कोषाध्यक्ष अनिल पंत व कार्यकारिणी सदस्य आजाद नेगी, जोत सिंह भंडारी, धीरेन्द्र रावत के अलावा समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।