नई दिल्ली: उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी शेफ केसर सिंह नेगी को न्याय दिलाने और उनकी रिहाई के लिए सहयोग का अनुरोध किया।

धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि वह इस मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मामले में अब तक की गई अपनी पहल को सार्वजनिक नहीं किया, क्योंकि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और मंत्री के रूप में वे कानून की प्रक्रिया का सम्मान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई जल्द सामने आएगी और जो भी निर्दोष होंगे, उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।

इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप ने मंत्री अजय टम्टा को अल्मोड़ा और पौड़ी जनपद को जोड़ने वाले सिराली-बिराली मोटर मार्ग के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क मार्ग की दूरी लगभग 22 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ समय और ईंधन की भी बचत होगी।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने इस प्रस्ताव को अत्यंत उपयोगी बताते हुए तत्काल अपने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस दौरान धूमाकोट महोत्सव के संरक्षक सोमपाल सिंह नेगी, जो लंबे समय से सिराली-बिराली मार्ग की मांग को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने के लिए केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा का आभार व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विकास, जनहित के मुद्दों तथा उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।