पौड़ी गढ़वाल: विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम बुटली स्थित कुलदेवी मां बाल कुंवारी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना एवं विशाल भंडारे का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। आयोजन के अंतिम दिन गांव में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में गांव के प्रवासी एवं स्थानीय निवासी, गांव की विवाहित बेटियां (दिशा-ध्याणियां), युवा, सेवानिवृत्त बुजुर्ग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मां बाल कुंवारी के दरबार में एक साथ उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक एवं उत्सवी माहौल बना रहा।
मां बाल कुंवारी मंदिर समिति बुटली द्वारा आयोजित त्रिवार्षिक सामूहिक भव्य एवं दिव्य पूजा कार्यक्रम के अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट सविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गढ़कोट कविता देवी, ग्राम प्रधान पंचाली अशोक रावत, ग्राम प्रधान बुटली रेनू कपटियाल, सामाजिक कार्यकर्ता जसवीर रावत, युवा गायिका कुमारी आराधना रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सदस्य सविता देवी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी द्वारा अपनी-अपनी निधियों से पंचायत भवन में इंटरलॉकिंग एवं सीसी निर्माण कार्य करवाया गया था. जिसके लिए ग्रामवासियों ने उन्हें इस अवसर पर स्मृति चिन्ह एवं मां बाल कुंवारी का पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर कार्यक्रम में युवक मंगल दल अध्यक्ष गौतम रावत, प्रदीप गुसाईं, प्रमोद चौहान, महेंद्र गुसाईं, राकेश रावत, सुल्तान सिंह, कुल पुरोहित सुनील कपटियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी द्वारा किया गया।
जगमोहन डांगी



