श्रीनगर: कारगिल शहीद कुलदीप सिंह राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह, विकास क्षेत्र खिर्सू में आदि शक्ति मां भुनेश्वरी आश्रम सतपुली द्वारा निर्धन एवं असहाय छात्र छात्राओं को ड्रेस कोट एवं शूज वितरित किए गए। विद्यालय के अध्यापक संतोष पोखरियाल (सहायक अध्यापक गणित) की प्रयास द्वारा माँ भुनेश्वरी ट्रस्ट के संचालक एवं हिमालयीय विश्वविद्यालय देहरादून के प्रति कुलपति एवं सलाहकार (पूर्व) डॉ राजेश नैथानी के द्वारा विद्यालय के छात्र छात्राओं को सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य आरपी किमोठी ने कहा कि छात्र छात्राओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु एकलव्य से शिक्षा लेनी चाहिए। विद्यार्थियों की पढ़ाई में निर्धनता बाधक न बने, इसके लिए इस प्रकार के प्रयास विद्यालय परिवार द्वारा समय-समय पर किए जाने चाहिए। उन्होंने डॉ. राजेश नैथानी को इस पुनीत कार्य हेतु आभार व्यक्त किया एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय के अध्यापक सुबोध पोखरियाल ने कहा कि

वाणी रसवती यस्य,यस्य श्रमवती क्रिया।
लक्ष्मी दानवती यस्य,सफलं तस्य जीवितं।।

अर्थात: जिस मनुष्य की वाणी मीठी है, जिसका कार्य परिश्रम से युक्त है, जिसका धन दान करने में प्रयुक्त होता है, उसका जीवन सफल है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेश नैथानी भी अपने जीवन में कुछ इस तरह के ही कार्य करते रहते हैं। उन्हें डॉक्टर नैथानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों की पीड़ा को समझते हुए शिक्षक पोखरियाल के निवेदन को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को डॉक्टर नैथानी से प्रेरणा लेनी चाहिए।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के संचालक राजवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि निर्धनता विद्यार्थियों के जीवन में बाधक न बने इसके लिए विद्यालय परिवार एवं संतोष पोखरियाल सदा प्रयत्नशील रहते हैं। उन्होंने प्रति कुलपति डॉ राजेश नैथानी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता बीएस नेगी, कुंज बिहारी सकलानी, भगवती प्रसाद गौड़, जसपाल सिंह बिष्ट, राजवीर सिंह बिष्ट, अनीता मेवाड़, लक्ष्मी सेन, संतोषी रौथाण, दलबीर सिंह शाह, राकेश रुटोला, हंसाधर नौटियाल, कपिल मुयाल आदि उपस्थित रहे।