drinking-water-crisis-in bahedakhal

पौड़ी: कोट ब्लॉक के बहेडा़खाल क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति ना होने पर पूर्व प्रमुख एवं जनपद विकास समिति गढ़वाल के अध्यक्ष मदन सिंह नयाल ने जिलाधिकारी गढ़वाल से शिकायत की थी। जिलाधिकारी गढ़वाल द्वारा जल संस्थान पौड़ी के अधिकारियों को क्षेत्रीय पेजयल समस्याओं के निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर जल संस्थान पौड़ी के सहायक अभियंता ई सोहन सिंह जेठुडी़ के द्वारा 28 फरवरी को बहेडाखाल में जनपद विकास समिति की अध्यक्षता में बैठक की गयी। बैठक के दौरान उन्होंने ग्रामवासियों की समस्या सुनी एवं उनके शीघ्र निराकरण किये जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में बहेड़ा, रिंगुड, चोपड़ी, मूलगढ़, पैडुल निवासियों द्वारा प्रतिभाग किया गया और अपने अपने गांव की पेयजल समस्याओं से सहायक अभियंता को अवगत कराया गया। इस सम्बन्ध में अध्यक्ष मदन सिंह नयाल ने कहा कि डांडा नागराजा पम्पिंग योजना से सम्बंधित ग्राम खांडा तथा मूलगढ़ की पेयजल जलापूर्ति अभी तक प्रारंभ नहीं की गई है। इसके साथ ही ग्राम चोपड़ी एवं बहेड़ा में भी व्यवस्थित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत की गई। सहायक अभियंता ई सोहन सिंह जेठुडी़ द्वारा जल्द ही क्षेत्र की पेयजल समस्याओं का निस्तारण किया जाने आश्वासन दिया गया है।