National Panchayati Raj Day 2026

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 2026 धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य के लगभग 50 ग्राम प्रधानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता कर पंचायत सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।इन में 10 ग्राम प्रधान टिहरी की भी शामिल रहे। जिन्हें केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सम्मानित किया। इस दौरान गांव के विकास के रूप रेखा के बारे में भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका, ग्रामीण विकास, स्थानीय स्वशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल पंचायत, और ग्रामीण विकास के आधुनिक मॉडल्स से अवगत कराया गया।

इस मौके पर पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) 2.0 की रिपोर्ट और ‘मेरी पंचायत मेरी धरोहर’ पर 3 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इसके अलावा मंत्रालय की ‘पंचायत धरोहर पहल’ के अंतर्गत ग्रामीण विरासत पर 3 सचित्र पुस्तकें त्रिपुरा की ग्रामीण विरासत पर एक मोनोग्राफ, तिरुपति की ग्रामीण विरासत पर एक मोनोग्राफ और ‘उत्तरकाशी: सौम्या काशी: हिमालयी विरासत की आत्मा’ जारी की गई।

उत्तराखंड से पहुंचे ग्राम प्रधानों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने-अपने गांवों के विकास में नई दिशा और दृष्टिकोण मिलेगा। उन्होंने पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिए अनुभव साझा किए और अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हर वर्ष 24 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाना और ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत करना है। इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजनों से जमीनी स्तर पर जनप्रतिनिधियों को नई सोच और ऊर्जा मिलती है।