जनसंवाद अभियान के तहत डॉ. महेश शर्मा बीटा-2 सेक्टर पहुंचे

1
779
dr. mahesh-sharma

ग्रेटर नोएडा: जनसंवाद अभियान कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डॉ. महेश शर्मा शनिवार शाम को बीटा-2, आई ब्लॉक के मदर डेरी पार्क में पहुंचे। यहाँ पहुँचने पर ब्लॉक वासियों ने डॉ. महेश शर्मा का जोरदार स्वागत किया।

देर शाम शुरू हुए जनसंवाद कार्यक्रम में डॉ. महेश शर्मा ने सेक्टर वासियों से अपने सेक्टर और क्षेत्र से सम्बंधित समस्याए बताने को कहा। जिस पर ब्लॉक वासियों, खासकर महिलाओं ने मंत्री जी के सामने में समस्याओं की झड़ी लगा दी। ब्लॉक वासी नीलम यादव ने कहा कि महिला सुरक्षा यहाँ की सबसे प्रमुख समस्या है। आज हर महिला सेक्टर के अन्दर या बाहर अकेले घूमने में डरती है। उन्होंने सेक्टर में सफाई की समस्या को भी उठाया। उनका कहना था कि पार्को में बड़ी बड़ी घास उगी हुई है और सड़कों पर गंदगी बिखरी रहती है परन्तु बार-बार कंप्लेंट करने पर भी अथॉरिटी बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रही है। ब्लॉक वासी सुनीता पाठक ने कहा कि सेक्टर वासी सबसे ज्यादा आवारा कुत्तों (स्ट्रे डॉग) से परेशान हैं। उनका कहना था कुछ समय पहले उन्हें भी स्ट्रे डॉग काट चुका है। इसके अलावा उन्होंने पार्कों की लाइट का मुद्दा भी उठाया।

ब्लॉक वासी आरती शर्मा ने भी सेक्टर वासियों की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि स्थानीय पुलिस का सेक्टर वासियों को जरा भी सहयोग नहीं मिल रहा है। जिस कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसके अलावा एक अन्य महिला ने ब्लॉक के अन्दर जगह-जगह टेलीफोन कंपनियों/ बिजली कंपनियों द्वारा किये गए गड्डों को लेकर समस्या रखी। इसके अलावा सेक्टर वासी जी.के. शर्मा ने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि अथॉरिटी में जन समस्याओं के लिए जो ऑनलाइन कंप्लेंट सेल बना हैं उस पर कंप्लेंट करने के बाद कोई भी एक्शन नहीं लिया जाता हैं, और कई कई महीने बीत जाने के बाद भी उस कंप्लेंट का कोई भी रेस्पोंस नहीं मिलता हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पार्कों की सफाई के लिये अथॉरिटी द्वारा जो भी व्यवस्था की गई है वे लोग पार्कों की बिलकुल भी सफाई नहीं करते है और जब पार्कों में घास बड़ी हो जाती है और लोग शिकायत करते हैं तो वे धीरे से पार्कों में आग लगा देते हैं। जिस कारण पार्क के अन्दर घास के साथ साथ हरे भरे पेड़ पौधे भी जलकर खाक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इसका जीता जगता उदाहरण बीटा -2 का फ़ॉरेस्ट पार्क है। जो कुछ महीने पहले ऐसे ही जलाकर बर्बाद कर दिया गया। इसकी शिकायत अथॉरिटी को लिखित रूप में की गई थी परन्तु इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इसके अलावा नीलम यादव ने बीटा -2 सेक्टर में RWA का मुद्दा भी उठाया उनका कहना था कि बीटा -2 में कोई RWA नहीं है। हालाँकि बीटा -2 आई ब्लॉक में पिछले कई वर्षों से जनकल्याण समिति बनी है। जो कि वर्तमान में में ठीक ठाक काम कर रही है। इसके अलावा महिलाओं ने पार्कों में ओपन जिम की मांग भी रखी. महिलाओं का कहना था कि जब दिल्ली और नोएडा में पार्कों में ओपन जिम लगे हुए हैं तो फिर ग्रेटर नोएडा में क्यों नहीं लग सकते हैं।

सेक्टर वासियों की सभी समस्याओं को ध्यान से सुनने के बाद डॉ. महेश शर्मा ने उनका एक एक करके जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बने केवल डेढ़ वर्ष हुए हैं और इन डेढ़ वर्षों में ग्रेटर नोएडा में कानून व्यवस्था पहले के मुकाबले सुधरी है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान डेवलपमेंट की तरफ है। जेवर एयरपोर्ट बन जाने के बाद ग्रेटर नोएडा का सबसे ज्यादा विकास होगा। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की पुरानी सरकारों पर आरोप लागते हुए कहा कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा का विकास होने ही नहीं दिया। अथॉरिटी से सम्बंधित समस्याओं के लिए डॉ. शर्मा ने कहा कि वे इसके लिए अधिकारियों से बात करेंगे।

RWA के सवाल पर डॉ. शर्मा ने ब्लॉक वासी नीलम यादव से कहा कि मै आपको आज से ही सेक्टर बीटा-2 की RWA अध्यक्षा घोषित करता हूँ। और इसके लिए उन्होंने नीलम यादव  को 11,000 रूपये की नकद धनराशि भी भेंट की।

इस अवसर पर डॉ. शर्मा का स्वागत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (पिछड़ा वर्ग मोर्चा) के अध्यक्ष जितेन्द्र भाटी, मंत्री नन्दलाल सैनी, बी.एस. डागर, जे.पी. रावत, जनकल्याण समिति, आई ब्लॉक के अध्यक्ष अजय पाण्डेय के अलावा बड़ी संख्या में ब्लॉक की महिलाएं भी मौजूद रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here