मिशन शक्ति अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित आईटीआई परिसर में सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) द्वारा महिलाओं के लिये स्वास्थ्य जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। बतौर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु गुप्ता ने कार्यशाला में उपस्थित बच्चियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म, स्तन कैंसर, गर्भाशय का कैंसर तथा गर्भावस्था के दौरान होने वाली समस्याओं और उनके बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होने कहा कि अक्सर महिलायें अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाह रहती हैं, और शर्म एवं संकोचवश अपनी बीमारी के बारे खुलकर बात नहीं कर पाती। जिससे बीमारी धीरे-धीरे बढती जाती है इसलिये स्वास्थ्य को लेकर बिल्कुल लापरवाही ना बरतें। वहीं आईटीआई संचालिका और महिला उन्नति संस्था की संरक्षक इन्दु गोयल ने कहा कि किशोर उम्र में प्रवेश करते समय महिलाओं में शारीरिक परिवर्तन होते हैं। जिससे बच्चियां मानसिक रुप से थोड़ा परेशान रहती हैं, ऐसे में घर की अन्य महिलाओं को बच्चियों के साथ दोस्ताना व्यव्हार दिखाते हुए उन्हें सही जानकारी दिये जाने की आवश्यक्ता है।
कार्यक्रम के अन्त में महिलाओं को सेनेटरी पैड वितरित किये गये। कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा, अनिल भाटी, सरिता वर्मा, गीता भाटी, विजय तंवर, माधुरी, मनोज झा, योगिता और निशा सहित सैकड़ो महिलाओं ने हिस्सा लिया।