ग्रेटर नोएडा: हिंदी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) ने ग्रेटर नोएडा के सुथ्याना स्थित जयशंकर मैमोरीयल पब्लिक स्कूल में हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में बोलते हुए वरिष्ठ समाज सेवी सुमनराज सिंह बिष्ट ने कहा कि हिन्दी हमारी मातृ भाषा है जो देश में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है।  मगर देश में बढ़ते पाश्चात्य प्रभाव के कारण लोग अँग्रेजी भाषा को अपना रहे है। और हिन्दी बोलने को हीन समझने लगे है। जो हिन्दी भाषा का अपमान है। हमें हिन्दी पर गर्व करना चाहिये।

हिन्दी भाषा को राष्ट्र भाषा का दर्जा देकर पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधा जा सकता है। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा ने कहा कि हिन्दी को उसका खोया स्वरूप लौटाने के लिये शासन स्तर पर प्रयास होने चाहिये और सभी शासकीय कार्य हिन्दी में सम्पन्न होने चाहिये। संस्था हिन्दी पखवाडा आयोजित कर क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में हिन्दी कार्यशाला आयोजित करेगी। कार्यशाला में अनिल भाटी,  सरिता वर्मा,  नरेश वर्मा,  गीता भाटी,  रुबीना लियाकत आदि ने अपने विचार रखे।