पौड़ी गढ़वाल: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड की ओर से नगर पालिका हॉल, पौड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विचार-विमर्श करते हुए निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के जिला अध्यक्ष पंकज रावत ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार विमल नेगी मुख्य अतिथि एवं सहायक सूचना अधिकारी (एडीआईओ) सुनील तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
महासंघ के सचिव अंकित उनियाल ने अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष पंकज रावत ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज तथा शासन-प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। सत्य, निष्पक्षता और जनहित पत्रकारिता की मूल आत्मा हैं, जिन्हें हर परिस्थिति में बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में बतौर वक्ता वरिष्ठ पत्रकार गणेश नेगी, रूपेंद्र सिंह, भगवान सिंह, अजय रावत, अनिल बहुगुणा, पुष्पेंद्र राणा, रतनमणि भट्ट, प्रवीन थापा, जगमोहन डांगी, त्रिभुवन उनियाल, दीपक बड़थ्वाल एवं राजेश चमोली सहित अनेक पत्रकारों ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों, पत्रकारों की जिम्मेदारियों तथा समाज में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार अजय रावत, वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र राणा, वरिष्ठ पत्रकार प्रवीन थापा, वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन डांगी एवं वरिष्ठ पत्रकार रतनमणि भट्ट ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताते हुए युवा पत्रकारों से पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास एवं उसके योगदान को याद करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।



