rajendra-bungla

पिथौरागढ़: जम्मू कश्मीर में आतंकियों के हमले में शहीद हुए स्व. राजेंद्र बुंगला का पार्थिव शरीर, शनिवार को सेना के विमान द्वारा पिथौरागढ़ सेना मुख्यालय लाया गया। जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सेना एवं प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पुष्प चक्र अर्पित कर वीर शदीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। सेना द्वारा शहीद को गार्ड ऑफ हॉनर दिया गया।

बता दें कि शुक्रवार को जनपद पिथौरागढ़ के तहसील गंगोलीहाट के ग्राम बडेना (बुंगली) के 23 वर्षीय  सैनिक राजेंद्र बुंगला अनंतनाग जिले के काजीकुंडाताल में पेट्रोलिंग के दौरान आतंकवादी हमले में शहीद हो गए थे। राजेन्द्र सिंह बुंगला सेना के टीए जाट बटालियन जम्मू कश्मीर में तैनात थे। राजेंद्र बुंगला इस दीपावाली पर छुट्टी लेकर घर आने वाले थे, परन्तु शुक्रवार को उनकी शहादत की जानकारी मिलते ही बुंगली क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। शनिवार को उनका शव पिथौरागढ़ पहुंचने पर क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया।martyr-rajendra-bungla

शहीद राजेंद्र के पिता चंद्र सिंह गांव में ही खेतीबाड़ी कर आजीविका चलाते हैं। मां मोहिनी देवी गृहणी हैं। तीन बहनों के इकलौते अविवाहित भाई राजेंद्र की बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दो छोटी बहनों की जिम्मेदारी राजेंद्र के कंधों पर ही थी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि जम्मू कश्मीर में जो हो रहा है वह चिंता का विषय है। इस बारे में सोचना होगा। मानवाधिकार की पैरवी करने वालो की आंखे खुलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने शहीद स्व. राजेन्द्र सिंह बुंगला को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश के लिये शहीद हुए वीर सपूत स्व. राजेन्द्र सिंह बुंगला की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहीद के परिवारजनों के साथ है, हरसंभव मदद प्रदेश सरकार द्वारा की जाएगी। देश की रक्षा करने के लिए हमारे जवान, हमारी सेना हरदम तैयार है।