देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। प्रारंभिक चरण में यह रेल सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह नई रेल सेवा उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर से देहरादून तक चलने वाली यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होकर संचालित होगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े क्षेत्र को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी तथा यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है, जो राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास को नई गति देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है तथा वर्ष 2026-27 में रेलवे अवसंरचना विकास के लिए प्रदेश को रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट प्राप्त हुआ है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। नई रेल सेवाएं प्रदेश के आर्थिक विकास, पर्यटन और जनसुविधाओं को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि यदि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इसका संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी।
रेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
2023 के बाद उत्तराखंड को मिलीं 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं
रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड से देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने के लिए शुरू की गई प्रमुख नई/विस्तारित नियमित रेल सेवाओं की सूची-
- देहरादून – आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस
- देहरादून – लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश – प्रयागराज एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश – वीरभूमि (मालदा टाउन) एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश – यशवंतपुर (बेंगलुरु) एक्सप्रेस
- देहरादून – बनारस एक्सप्रेस
- देहरादून – सुभेदारगंज (प्रयागराज) एक्सप्रेस
- हरिद्वार – गोरखपुर एक्सप्रेस
- हरिद्वार – अमृतसर एक्सप्रेस (विस्तारित/नई सेवा)
- टनकपुर – दिल्ली (पूर्णागिरि जनशताब्दी सेवा का विस्तार/सुदृढ़ीकरण)
- लालकुआँ – राजकोट एक्सप्रेस (विस्तारित सेवा)
- लालकुआँ – कोलकाता एक्सप्रेस
- काठगोदाम – जैसलमेर एक्सप्रेस
- काठगोदाम – मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) एक्सप्रेस (विस्तारित सेवा)
- देहरादून – कोटा एक्सप्रेस (सुधारित/विस्तारित सेवा)
- हरिद्वार – लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष सेवा (बाद में नियमित संचालन)
- लालकुआँ – किशनगंज एक्सप्रेस (विशेष से नियमित संचालन की दिशा में सेवा)
- उत्तराखंड से विभिन्न राज्यों के लिए नई मौसमी/विशेष सेवाओं में से एक को बाद में नियमित सेवा के रूप में शामिल किया गया।
- टनकपुर से नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस।
- रामनगर- देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा।



