Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में 18 से 22 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के विभिन्न जिलों में 18 से 22 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

तीन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के कारण येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 18 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने 19 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत और उधमसिंह नगर में, तथा 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

SEOC ने जिलाधिकारियों को दिए ये निर्देश

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद SEOC ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24×7 सक्रिय रखने और राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा भूस्खलन संभावित मार्गों पर जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

21 और 22 जुलाई का मौसम अपडेट

21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

चारधाम यात्रियों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सावधानी बरतें।

किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। सहायता के लिए 112, 1070 और 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।