himachal pradesh landslide

Landslide in himachal Pradesh: असमान से बरस रही आफत की बारिश ने पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी तबाही मचा रखी है। उत्तराखंड के देहरादून से लेकर चमोली, उत्तरकाशी तथा रुद्रप्रयाग आदि जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है। वहीँ हिमाचल प्रदेश में भी लगातार हो रही बारिश कहर बरपा रही है। यहाँ हालात और भी बत्तर हो गए हैं। राज्य के शिमला, सोलन, मंडी, कांगड़ा और चम्बा जिलों में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने कहर बरपा दिया है। शिमला में भूस्खलन की दो और सोलन में बादल फटने की ताजा घटनाओं में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गयी है। जबकि 40 से अधिक लापता है। इनमें से 9 लोगों की मौत शिमला में भूस्खलन के बाद मलबे में दबने से हुई। शिमला के समर हिल इलाके में शिव मंदिर के मलबे में 15 लोगों के दबे होने की आशंका है। सावन का महीना होने के कारण हादसे के वक्त मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

शिमला के शिव बावड़ी मंदिर में बादल फटने से मचा मौत का तांडव

हिमाचल की राजधानी शिमला में भारी बारिश के बाद जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। शिमला के शिव बावड़ी मंदिर में हुए लैंडस्लाइड में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने की वजह से मंदिर में मौजूद लोग हादसे का शिकार हो गए। करीब 25 लोगों के दबे हो सकते हैं। भारी बारिश के बाद अचानक हुए भूस्खलन की वजह से लोगों को अपनी जगह से हिलने तक का भी वक्त नहीं मिला और वो मौत के मुंह में समा गए।हिमाचल के इस शिव बावड़ी मंदिर के बारे में ऐसा माना जाता है कि इसका निर्माण 17वीं शताब्दी में गढ़वाल के गोरखा शासकों द्वारा किया गया था। यह बावड़ी भगवान शिव को समर्पित है। इसे हिंदुओं के लिए एक लोकप्रिय तीर्थस्थल माना जाता है।

राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर और फागली इलाके में एक अन्य स्थान पर भूस्खलन हुआ और मलबे से नौ शवों को बाहर निकाला गया है। फागली इलाके में कई मकान मिट्टी में धंस गए। भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल और कॉलेज को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राज्य के आपात अभियान केंद्र के अनुसार, आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद कर दी गयी हैं। इसके अतिरिक्त 4697 बिजली ट्रांसफार्मर व 902 जलापूर्ति योजनाएं बंद हो गई हैं।

119 साल पुराना कालका-शिमला रेलमार्ग क्षतिग्रस्त

शिमला में समरहिल के पास भूस्खलन के चलते विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जुतोग और समर हिल रेलवे स्टेशनों के बीच किमी 92/6-92/7 पर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक भारी बारिश के कारण बह गया है। रेल पटरी हवा में लटक गई है। जिसके कारण 119 साल से अधिक पुराना ऐतिहासिक कालका-शिमला रेलवे मार्ग पर कंडाघाट-शिमला के बीच ट्रेनों की आवाजाही रद्द कर दी गयी है।

सोलन में बादल फटने से चपेट में आए दो मकान, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

कंडाघाट के जडोंन गांव में एक ही परिवार के दो घर लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि यहां एक ही परिवार के 13 लोग रहते थे। लैंडस्लाइड के बाद ये दोनों घर मलबे में दब गए और परिवार के 9 लोग इसकी चपेट में आ गए। जिसके बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और 7 लोगों के शव मलबे से निकाले जबकि 2 लोगों को रेस्क्यू करके अस्पताल भिजवाया गया है। वहीँ मवेशियों के दबने की सूचना भी है।

बादल फटने और भूस्खलन से अब तक 28 से अधिक लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से 28 लोगों की मौत की सूचना है। जबकि करीब 40 लोगों के लापता होने की आशंका है। लगातार जारी बारिश से बचाव अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिमला के समरहिल में अब तक छह और फागली में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। तीन घायलों को रेस्क्यू किया गया है। दोनों जगह 11 लोगों के शव बरामद हुए हैं।

मंडी में आफत की बारिश जारी

मंडी जिला में बारिश लगातार आफत बनकर बरस रही है। जिले में बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश थमने का नाम ही नहीं ले रही है। यहाँ आफत की बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। जिसके चलते जिले में हर जगह से तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद है और वैकल्पिक मार्ग सहित जिला की सैंकड़ो सड़कें बाधित हैं। बारिश के कहर से बिजली और पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह से बंद है।

स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में ‘एट-होम’ कार्यक्रम स्थगित

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शिमला में भूस्खलन घटना स्थल पर पहुंचे, जहां 20-25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राज्यपाल ने कहा, ‘ध्वजारोहण किया जाएगा, स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में ‘एट-होम’ कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:

उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी में भारी बारिश ने मचाई तबाही, पुल बहे, कई मकान और गाड़ियां मलबे में दबे, श्रीनगर में अलकनंदा नदी के जलस्तर ने तोड़े सारे रिकॉर्ड