भाजपा ने आज राष्ट्रीय कार्यसमिति और राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कई कद्दावर नेताओं को नियुक्त किया है। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की जारी सूची में तीन नेताओं को कार्यसमिति में और पांच नेताओं को विशेष आमंत्रित राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही एक राष्ट्रीय प्रवक्ता भी नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और जयवीर शेरगिल को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की टीम में जगह मिली है। कांग्रेस के प्रवक्ता रहे जयवीर शेरगिल को भाजपा ने अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ (दोनों पंजाब), स्वतंत्रदेव सिंह (उत्तर प्रदेश) को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

गांधी परिवार के खिलाफ तीखी टिप्पणी के साथ कांग्रेस से बाहर निकलने के तीन महीने बाद जयवीर शेरगिल को शुक्रवार को बीजेपी ने अपना प्रवक्ता नियुक्त कर दिया। मदन कौशिक, विष्णुदेव साय, एस राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, मनोरंजन कालिया और अमनजीत कौर वालिया को राष्ट्रीय कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्तियों की जानकारी दी।

उत्तराखंड के हरिद्वार नगर की विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मदन कौशिक को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। मदन कौशिक इससे पहले उत्तराखंड में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। हालाँकि मदन कौशिक के पास लंबे समय से कोई पद नहीं था। अब उन्हें पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है।