Arogya Setu app

नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के बीच गृह मंत्रालय के हाल दिए गए निर्देश में सिनेमा, थियेटर सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को 15 अक्टूबर से शुरू करने की अनुमति दे दी है। इसबीच संस्कृति और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर संस्कृति मंत्रालय ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए निर्देशों के अनुसार संस्कृति और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों में सिर्फ उन्ही को शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, जिनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होगा और वह भी ग्रीन होगा। इनमें कलाकार और दर्शक दोनों ही शामिल होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मास्क पहनना जरूरी होगा। साथ ही कार्यक्रम में सभी के लिए दो गज की दूरी जरूरी होगी।

कंटेनमेंट जोन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक जारी रहेगी। आयोजकों की जिम्मेदारी होगी कि वह सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराएं। यदि आयोजन खुली जगह में हो रहा है तो वहां शारीरिक दूरी बनानी होगी। किसी हॉल में आयोजन होने की दशा में क्षमता का 50 फीसद ही लोगों को शामिल होने की इजाजत होगी।

कार्यक्रम स्थल अथवा सिनेमा हॉल में लोगों को थर्मल जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। सभी को फेस मास्‍क लगाना, हेंड वॉश या सेनेटाइजर का इस्‍तेमाल अनिवार्य होगा। बिना मास्क के एंट्री नहीं मिलेगी। सीटों के बीच कम से कम 6 फीट की दूरी होगी। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वार पर हैंड सैनेटाइजर की व्‍यवस्‍था होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर थूकने की मनाही होगी। हॉल के भीतर एसी का तापमान 24 से 30 डिग्री सेंटिग्रेट पर नियंत्रित होना चाहिए। यही नहीं हॉल में क्रॉस वेंटिलेशन भी होना जरूरी है।

केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रस्‍तुति के पहले और बाद में स्‍टेज सेनेटाइज किया जाना चाहिए। आयोजक सामानों को कम से कम कॉन्टैक्ट में लाएं। कलाकारों के सामान भी सेनेटाइज होने चाहिए। क्रू मेंबर और कलाकारों को पैक्ड फूड ही दिया जाएगा। बेहतर होगा कि कलाकार घर से लाया खाना खाएं। ऑडिटोरियम में खाना पीना सर्व नहीं किया जा सकता है। यही नहीं कैफेटेरिया में भीड़ नहीं होनी चाहिए और वहां बैठे लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। आयोजन स्‍थल पर डस्टबिन होना जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 73,70,468 हो गई है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 63,371 नए मामले सामने आए हैं।