World’s richest person Jeff Bezos: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) को पीछे छोड़ कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। सोमवार को टेस्ला के शेयरों में 7.2% की गिरावट देखने को मिली। मंगलवार सुबह अपडेट हुई ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, जेफ बेजोस 200 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। जबकि एलन मस्क 198 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीँ दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में तीसरा स्थान बर्नार्ड अरनॉल्ट का है। इनकी नेटवर्थ 197 अरब डॉलर हैं। इस तरह दुनिया के टॉप-3 अरबपतियों की नेटवर्थ में बेहद मामूली अंतर ही है। दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्स फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग हैं। उनकी दौलत 179 अरब डॉलर है। पांचवां स्थान बिल गेट्स का है। उनकी नेटवर्थ 150 अरब डॉलर है।

साल 2021 के बाद यह पहली बार है जब 60 वर्षीय बेजोस ने सबसे धनी व्यक्ति का खिताब हासिल किया है। बतादें कि एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल टेस्ला के सीईओ को लगभग 31 बिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ, जबकि अमेजन के संस्थापक को 23 बिलियन अमेरिकी डॉलर का फायदा हुआ है। जनवरी 2021 में, मस्क 195 बिलियन अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ बेजोस को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे।

11वें स्थान और 12वें स्थान पर हैं भारतीय उद्योगपति

भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति रिलायांस ग्रुप के मालिक मुकेश अंबानी इस समय दुनिया के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 115 अरब डॉलर हैं। वहीँ 12वें स्थान पर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी हैं। उनकी नेटवर्थ 104 अरब डॉलर है। इस साल अब तक गौतम अडानी की नेटवर्थ में 19.2 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। वहीं, इस साल मुकेश अंबानी की संपत्ति में 18.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। शापूरजी पालोनजी ग्रुप के शापूर मिस्त्री 38.9 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में 36वें स्थान पर हैं। इनके बाद शिव नादर 37.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में 37वें स्थान पर हैं।