Anant Radhika Pre Wedding: देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और जाने-माने व्यवसायी वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी इन दिनों चर्चा में है। गुजरात के जामनगर में 1 से 3 मार्च तक चली अनंत-राधिका की प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में दुनियाभर की तमाम मशहूर हस्तियां पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री वेडिंग सेरेमनी में 1260 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी भी प्री-वेडिंग फंक्शन का हिस्सा बने। साक्षी धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर अनंत और राधिका मर्चेंट की प्री वेडिंग की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। जिनमे से एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है, जिसमें साक्षी पहाड़ी पिछौड़ा ओढ़े नजर आ रही हैं। साथ ही गले में गुलुबन्द भी पहना है। साक्षी धोनी के ट्रेडिशनल अंदाज की यूजर्स तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

बता दें कि, पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मूलरूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। महेंद्र सिंह धोनी का पैतृक गांव ल्वाली गांव, अल्मोड़ा है। जबकि उनकी पत्नी साक्षी रावत उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली हैं। साक्षी और एमएस धोनी का विवाह चार जुलाई 2010 को हुआ था। महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ हाल ही में (नवम्बर 2023) अपने पैतृक गांव ल्वाली अल्मोड़ा गए थे।