Home Blog Page 1458

उत्तराखंड: शिक्षा विभाग में लम्बे समय से रुकी प्रमोशन प्रक्रिया शुरू का आदेश जारी

0
Education Department Uttarakhand

देहरादून: लॉकडाउन के बीच उत्तराखंड शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर आई है। शिक्षा विभाग में अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों के विभिन्न संवर्गो में लंबे समय से रुकी प्रोमोशन प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक आर मीनाक्षी सुंदरम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। बुधवार को जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को कार्मिकों की वरिष्ठता सूची तैयार कर प्रमोशन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड जनरल ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन द्वारा प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ लड़ी गई लम्बी लडाई के बाद पिछले महीने राज्य सरकार ने उत्तराखंड में प्रमोशन में आरक्षण को समाप्त कर दिया था। जिसके बाद शिक्षक संगठनों की ओर से भी लगातार पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की जा रही थी।

आखिरकार बुधवार को शिक्षा महानिदेशक आर मीनाक्षी सुंदरम ने विभागीय पदोन्नति जल्द करने के आदेश जारी किए। आदेश में तीनों शिक्षा निदेशालयों को पदोन्नति जल्द करने को कहा गया है, ताकि कार्मिकों को सेवानिवृत्ति से पहले पदोन्नति का लाभ मिल सके।

जनरल ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष जसपाल गुसाईं ने पदोन्नति प्रक्रिया प्रारम्भ होने पर एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी, प्रांतीय महामंत्री वीरेंद्र गुसाईं, शिक्षा मंत्री एवम शिक्षा सचिव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जनरल ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन की इसमें अहम भूमिका रही। 20/04/2020 को ही संघठन ने शिक्षा सचिव को शिक्षा विभाग में पदोन्नति के सम्बंध में पत्र लिखा था।

अच्छी खबर: उत्तराखंड में कोरोना के 50 प्रतिशत मरीज ठीक होकर लौटे घर

0
corona-recovery-in-uttarakhand

देहरादून: कोरोना को लेकर उत्तराखंड से अच्छी खबर है। एक तो पिछले दो दिनों से राज्य में कोई नया कोरोना संक्रमण का मामला सामने नहीं आया, और दूसरी बड़ी खबर यह है कि राज्य के अस्पतालों में भर्ती कुल 46 कोरोना के मरीजों में से 50 फीसदी यानी 23 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं। बुधवार को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में भर्ती 4 कोरोना मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित 23 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं।

राज्य के अस्पतालों में अब कोरोना के 23 मरीजों का ही इलाज चल रहा है। इसमें सबसे अधिक 12 मरीज दून अस्पताल में भर्ती हैं जबकि मेला अस्पताल हरिद्वार में सात, मिलिट्री हॉस्पीटल देहरादून में एक, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।

उत्तराखंड: लॉकडाउन में केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार रियायत दी जाये, सीएम त्रिवेन्द्र ने अधिकारियों को दिए निर्देश

0
cm-trivendra

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में कोविड-19 पर नियंत्रण एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार रियायतें दी जाए। कोविड-19 के मामले पूरे भारत में जहां औसतन 7.5 दिनों में दोगुने हो रहे हैं, वहीं उत्तराखंड में 26.6 दिन में दोगुना हो रहे हैं। इस दृष्टि से उत्तराखंड कहीं बेहतर स्थिति में है। इस दृष्टि से कोरोना संक्रमण रोकने में उत्तराखंड तीसरे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, सफाई एवं पुलिस के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया एवं प्रदेश में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए जन सहयोग की भी प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए की कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कोरोना वारियर्स का माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर या बुके देकर सम्मान किया जा रहा है, इसे पूर्णत:  प्रतिबंधित कराया जाए। कोरोना वारियर्स का सम्मान दूर से पुष्प वर्षा से किया जा सकता है। इसके अलावा लोगों को जो सामान वितरित किया जा रहा है वितरित करने वाले लोगों के साथ फोटो ना खींचे एवं सोशल डिस्टेंशन का पूरा पालन हो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र कहा कि छोटे व्यवसायियों एवं स्थानीय लोगों की आय का सृजन कैसे हो इसके लिए कार्य योजना बनाई जाए। कृषि कार्यों के लिए भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार अनुमति दी जाए। स्मार्ट सिटी के के कार्य भी कम मैन पावर के साथ शुरू किए जा सकते हैं ।

इस अवसर पर मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, प्रमुख सचिव श्रीमती मनीषा पवार, डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, सचिव अमित नेगी, नितेश झा, श्रीमती राधिका झा आदि उपस्थित थे।

लॉकडाउन: उत्तराखंड में दूरदर्शन के जरिए भी होगी कक्षा 9,10,12वीं की पढ़ाई

0
doordarshan uttarakhand

देहरादून : कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में चल रहे लॉकडाउन की वजह से सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं. इस कारण ज्यादातर स्कूलों के बच्चों की ऑनलाइन माध्यम से पढाई शुरू की गई है. वहीँ उत्तराखंड में अब कक्षा 9, 10 तथा 12वीं के छात्र-छात्राओं को दूरदर्शन के माध्यम से भी पढ़ाया जाएगा। दूरदर्शन देहरादून द्वारा दिनांक 24 अप्रैल, 2020 से प्रात 10:00 बजे से 11:30 बजे तक कक्षा 9,10 एवं 12 के तीन विषयों के व्याख्यान से संबंधित तीन एपिसोड का प्रसारण किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए सचिव विद्यालय शिक्षा, आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत प्रदेश स्तर पर समस्त शिक्षण संस्थान अग्रिम आदेश तक बंद है। जिस वजह से छात्र छात्राओं का पठन-पाठन अत्यधिक प्रभावित हो रहा है, इसी के दृष्टिगत  कक्षा 9, 10 एवं 12 के छात्र छात्राओं के शिक्षण को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में कुछ विषयों यथा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित तथा अंग्रेजी से संबंधित व्याख्यान का प्रसारण दूरदर्शन के सहयोग से 24 अप्रैल से प्रातः 10:00 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा।

उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अनुरोध किया है कि दूरदर्शन के माध्यम से प्रसारित हो रहे इस कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाएं तथा यदि कोई सुझाव हो तो विभाग को अवश्य अवगत कराएं।

लॉकडाउन के दौरान प्रतिदिन 10 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था करेगी LG कंपनी, 32 टन राशन का दिया सहयोग

0
LG-provide-food-for-ten-tho

ग्रेटर नोएडा : कोरोना बीमारी को फैलने से रोकने के लिए देशभर में किये गए लॉकडाउन में फंसे गरीब मजदूरों एवं असहाय लोगों की मदद के लिए सरकार के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठन एवं कई निजी संस्थान लगातार आगे बढ़कर सहयोग कर रहे हैं। आपदा की इस घड़ी में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में फंसे गरीब मजदूरों एवं असहाय लोगों की मदद के लिए एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी ने भी हाथ बढ़ाया है। कंपनी प्रबंधन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को 32 टन राशन का सहयोग दिया है। कंपनी के अधिकृत एनजीओ अक्षय पात्र के माध्यम से लॉकडाउन की अवधि के दौरान प्रतिदिन 10 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। संकट की इस घड़ी में जरुरतमंदों की भूख मिटाने में काफी मदद मिल रही है। प्राधिकरण के एसीईओ दीप चंद ने बताया कि लॉकडाउन में कोई भी मजदूर व असहाय व्यक्ति भूखा न रह जाए, इसलिए प्राधिकरण द्वारा अलग-अलग स्थानों पर 6 कम्युनिटी किचन संचालित की जा रही है। कम्युनिटी किचन के माध्यम से अब तक लगभग सात लाख भोजन के पैकेट्स वितरित किए जा चुके हैं। इस अभियान को सफल बनाने में सामर्थवान लोगों व उद्यमियों से सहयोग का आह्वान किया गया है। एसीईओ ने बताया कि एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 32 टन राशन का सहयोग दिया है। कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए राशन से आगामी तीन मई तक प्रतिदिन 10 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। एसीईओ ने बताया कि इससे पूर्व ओप्पो, हायर ग्रुप, संकवांग इंडिया, होलिटेक इंडिया, न्यूहॉलैंड ट्रैक्टर्स, बीपीटीपी, ऐस ग्रुप, हल्दीराम आदि द्वारा सहयोग प्रदान किया जा चुका है।

उत्तराखंड : दो कोरोना संदिग्धों की इलाज के दौरान मौत, रिपोर्ट का इतंजार

0
korona-suspect-dead

देहरादून : राजधानी देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती दो कोरोना संदिग्ध मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। दोनों मरीजों को मंगलवार दोपहर गंभीर हालत में दून अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मरीजों की मौत के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। हालाँकि अभी इन दोनों मरीजों की कोरोना जांच की रिपोर्ट अपनी बाकी है। विभाग की ओर से एहतियातन कोरोना जांच के लिएम दोनों के सैंपल लिए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय युवक को मंगलवार की दोपहर कोरोनेशन अस्पताल से दून मेडिकल कॉलेज अस्प्ताल रेफर किया गया था। युवक को बुखार, बदन दर्द, लगातार चक्कर आने की शिकायत थी। वह मूल रूप से नैनीताल का रहने वाला था और यहां एक प्राइवेट स्कूल में खाना बनाने का काम करता था। वहीँ 75 वर्षीय बुजुर्ग को सोमवार को अस्पताल में भर्ती किया गया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। बताया गया है कि 21 मार्च को वह दुबई अपने बेटे के पास से लौटे थे। दिल्ली में उन्हें 14 दिन संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया। जहां उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सात अप्रैल को वह दून पहुंचे और उसके बाद से अपने घर पर ही आइसोलेशन में थे। मंगलवार को दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसीयू में भर्ती उक्त युवक तथा बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई है। कोरोना की आशंका के चलते दोनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

आजादपुर मंडी में सब्जी व्यापारी की कोरोना से मौत, दिल्ली में बढ़ा कोरोना संकट

0
azadpur-sabji-mandi

नई दिल्ली : लॉकडाउन के बाद भी देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज करीब डेढ़ हजार लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। अब तक देशभर में करीब 20 हजार लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीँ राजधानी दिल्ली में में अबतक 2156 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि यहाँ 47 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। राजधानी दिल्ली से एक और भयभीत कर देने वाली खबर आ रही है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के आजादपुर स्थित एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी (आजादपुर मंडी) में एक व्यापारी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। मंगलवार को जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आजादपुर मंडी के व्यापारी की कोरोना से मौत होने के बाद आसपास की दुकानों को सील कर दिया गया है।  59 वर्षीय व्यापारी कटहल का कारोबार करता था। तबीयत खराब होने के बाद उसे साकेत स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 20 अप्रैल को जांच के बाद कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद सोमवार देर रात व्यापारी मौत हो गई। चिंता की बात यह है कि दिल्ली की आजादपुर मंडी से पूरे दिल्ली/एनसीआर में फल और सब्जी सप्लाई होती है।

हालाँकि आजादपुर मंडी को कोरोना मुक्त रखने के लिए सैनिटाइजर टनल लगाने के साथ ही ऑड इवन सहित कई योजनाओं को यहां लागू किया गया था। एक व्यापारी को सिर्फ एक ट्रक मंडी के अंदर लाने की इजाजत देने के साथ ही टोकन द्वारा एंट्री दी जा रही थी। परन्तु बावजूद इसके यहाँ कोरोना ने एक व्यापारी की जान ले ली है।

 

 

 

लॉकडाउन: हजारों लीटर फ्रेश बियर नाली में बहा रहे हैं प्लांट

0
fresh-beer-drained-in-ncr

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन चल रहा है। जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर की माइक्रो ब्रेवरीज हजारों लीटर ताजा बियर को नालियों में बहाने के लिए मजबूर हैं। अब तक एनसीआर में करीब 1 लाख लीटर तक फ्रेश बियर को बहा दिया गया है। 4 हफ्ते पहले जब लॉकडाउन का ऐलान हुआ था तब ज्यादातर बियर प्लांट अपनी पूरी क्षमता से भरे हुए थे। तब से ही वे अपने स्टॉक का रखरखाव कर रहे हैं। इस खुली पड़ी बियर को खराब होने से बचाने में इसकी कीमत से कहीं ज्यादा लागत आ रही है। बोतलबंद बियर के मुकाबले फ्रेश बियर बहुत कम समय तक ही ठीक हालत में रह पाती है। यही नहीं प्लांट मालिकों का कहना है कि लॉकडाउन खुलने के बाद भी कस्टमर कोरोना वायरस के डर और सोशल डिस्टेंसिंग की चिंताओं की वजह से पहले जैसे ही बियर की दुकानों पर लौटेंगे  इसकी संभावना कम है।

इसीलिए एनसीआर में करीब 50 बियर प्लांट्स को एक लाख लीटर से ज्यादा फ्रेश बियर को बहाने के लिए मजबूर हैं। बियर कंपनियां विदेशों की तरह यहां भी बियर की होम डिलिवरी की इजाजत मांग रही थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

20 हजार के करीब पहुंचा देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा, 600 से ज्यादा मौतें, कहाँ कितने मरीज, देखें पूरी लिस्ट

0
covid-19-cases-in-india

नई दिल्ली:  देश में कोरोना वायरस संक्रमण का मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना के 1383 नए मामले सामने आये हैं। जिसके बाद अब देश में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 20 हजार के करीब पहुँच चुका है। भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के अनुसार अब तक देश में 19,984 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। जबकि 640 लोगों की इस बीमारी से अब तक मौत हो चुकी है। वहीँ करीब 3,870 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। देश में सबसे बुरा हाल महाराष्ट्र का है जहां अब तक कोरोना के सबसे ज्यादा 5,218 मामले सामने आ चुके हैं। वहीँ दूसरे नंबर पर गुजरात है, जहाँ अब तक 2,178 कोरोना के केस सामने आ चुके हैं। यहाँ देखें किस राज्यन में COVID-19 के कितने मामले सामने आए हैं।

S. No.StatesConfirmedCuredDeath
1Maharashtra5218722251
2Gujarat217813990
3Delhi215661147
4Rajasthan165923025
5Tamil Nadu159663518
6MP155214876
7UP129414020
8Telengana92819423
9Andhra7579622
10Kerala4273073
11Bengal4237315
12Karnataka41812917
13J&K380815
14Haryana2541273
15Punjab2453916
16Bihar126422
17Odisha79241
18Uttarakhand46190
19Jharkhand4503
20Himachal39161
21Chhattisgarh36260
22Assam35191
23Chandigarh27140
24Ladakh18140
25Andaman16110
26Meghalaya1201
27Goa770
28Puducherry730
29Manipur220
30Tripura210
31Arunachal110
32Mizoram100
Total confirmed cases19984*3870640

*States wise distribution is subject to further verification and reconciliation, #One case of Jharkhand reassigned to Bihar after reconciliation, above information is collected from Ministry of Health and Family Welfare Government of India website.

कोरोना संक्रमण : दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पूरी तरह हुई सील

0
delhi-noida-border-sealed

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जनपद में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने दिल्ली से जुड़ी सभी सीमाओं (दिल्ली-नोएडा बॉर्डर) को पूरी तरह सील कर दिया है। गौतमबुध नगर जनपद के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मंगलवार रात आदेश जारी किया है। इस आदेश के बाद अब दिल्ली व गौतमबुध नगर के बीच आवागमन को अगले आदेश तक पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। आदेश में स्वास्थ्य विभाग की उस रिपोर्ट का हवाला दिया गया है जिसके मुताबिक, नोएडा में बढ़ते कोरोना पॉजिटिव मामलों में उनकी संख्या काफी है जिनका संबंध किसी न किसी रूप में दिल्ली से रहा है अर्थात जिन्होंने दिल्ली आवागमन किया है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है। जिलाधिकारी ने बताया आदेश का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन ने 6 तरह की सेवाओं को इससे सशर्त छूट भी दी है।

  1. ऐसे अधिकारी/कर्मचारी जो कोविड-19 की सेवाओं में सीधे तौर पर कार्यरत हैं, और इस हेतु उत्तर प्रदेश सरकार/ दिल्ली सरकार के सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत विधिक पास मान्य होगा।
  2. जरूरी सामान लाने-ले जाने वाले हल्के/भारी वाहनों को छूट होगी। वाहनों में अगर यात्रियों को ले जाते हुए पाया गया तो कानूनी कार्रवाई होगी।
  3. एंबुलेंस सेवाओं को आवागमन करने की अनुमति रहेगी।
  4. भारत सरकार में उप सचिव या उनसे वरिष्ठ अधिकारियों को गृह मंत्रालय के पास के साथ छूट होगी।
  5. ऐसे मीडियाकर्मी जिनके पास अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) और जिला सूचना अधिकारी की ओर पास जारी किया गया हो, उन्हें आवागमन की छूट होगी।
  6. ऐसे विशेषज्ञ डॉक्टर जिन्हें नोएडा में जरूरी और इमरजेंसी सेवाएं देनी हों, उनकी लिस्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रशासन को सौंपेंगे।

गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को भी कोरोना वायरस संक्रमण के दो और मामले सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर जिले में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 102 हो गई है।