Home Blog Page 518

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की बनीं मेयर, जानिए कौन है शैली ओबेरॉय जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी रेखा गुप्ता को हराया, किसको मिले कितने वोट?

0
Shelly Oberoi elected mayor of Delhi

Delhi MCD Mayor Election : आखिरकार राजधानी दिल्ली नगर निगम में आज मेयर पद पर फैसला हो गया। पिछले तीन बार से भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच हुए बवाल की वजह से मेयर प्रत्याशी का चुनाव नहीं हो सका था। नगर निगम चुनाव के 80 दिन बाद दिल्ली को नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय को मेयर चुना गया। शैली को 150 वोट मिले। उन्होंने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया। मेयर चुनाव में शैली ओबेरॉय की जीत के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुंडागर्दी हार गई, दिल्ली की जनता जीत गई।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मेयर का चुनाव जीतने पर शैली  को बधाई दी। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा कि दिल्ली नगर निगम में आज दिल्ली की जनता की जीत हुई और गुंडागर्दी की हार। आइये जानते हैं कि आखिर शैली ओबरॉय कौन हैं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी की ओर से मेयर का चुनाव जीता है। बता दें कि आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय दिल्ली की पटेल नगर विधानसभा के वार्ड नंबर 86 से पार्षद हैं। 39 साल की शैली ओबेरॉय पेशे से प्रोफेसर हैं। उन्होंने पीएचडी तक की पढ़ाई की है। वह 2013 में एक आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थीं। 2020 तक शैली आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रही हैं। वह पहली बार पार्षद चुनी गई हैं।

शैली ओबेरॉय मात्र 269 वोटों से चुनाव जीती थीं। उन्होंने पटेल नगर विधानसभा के वार्ड नंबर 86 से बीजेपी की दीपाली कपूर को हराया था। खास बात है कि शैली ओबरॉय ने जहां से पार्षद का चुनाव लड़ा था, वह भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता का गढ़ माना जाता है। अब बीजेपी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को हराकर दिल्ली मेयर का चुनाव जीता है। वह साल 2014 से आप से जुड़ी हैं और वर्ष 2020 में उन्हें पार्टी की महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बना दिया गया था। उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह इंडियन कॉमर्स एसोसिएशन (आईसीए) की आवजीवन सदस्य हैं। ओबरॉय के पिता का नाम सतीश कुमार है और वह कारोबारी हैं, जबकि उनकी मां सरोज गृहिणी हैं। शैली के एक भाई और एक बहन भी हैं।

बता दें कि इससे पहले 3 बार मेयर चुनाव कराने की कोशिश की गई, लेकिन भाजपा और आप मेंबर्स के हंगामे के चलते ये नहीं हो सके। हंगामे की वजह उपराज्यपाल वीके सक्सेना की ओर से मनोनीत 10 एमसीडी सदस्यों को वोट देने की अनुमति का फैसला था। इसे लेकर आप की मेयर प्रत्याशी शैली ओबेरॉय सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई थीं। 17 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने आप के पक्ष में फैसला सुनाया था। 24 घंटों के अंदर नोटिस जारी करने के लिए कहा था। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उपराज्यपाल को 22 फरवरी को चुनाव कराने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने 2 घंटे में ही मान लिया। मेयर के साथ डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए 6 जनवरी, 24 जनवरी और 6 फरवरी को 3 बार कोशिशें हुईं, लेकिन हर बार भाजपा और आम आदमी पार्टी के हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित हो गई।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के सप्लीमेंट्री बजट को लेकर अहम बैठक

0
National Health Mission

Dehradun News: बुधवार को सचिवालय परिसर में डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रम हेतु सप्लीमेंट्री पी.आई.पी. (प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन प्लान) भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित करने हेतु चर्चा की गई।

बैठक में डॉ. आर. राजेश कुमार द्वारा मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से पूर्व बर्थ वेंटिग होम में राज्य के समस्त 13 जनपदों में स्थापित वन स्टॉप सेंटर एवं वर्किंग वुमेन हॉस्टल में रखे जाने हेतु प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिये गए। योजना के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को चिकित्सकीय देखभाल समय पर प्राप्त होगी व प्रसव के पूर्व गर्भवती महिलाओं को सहूलियत होगी। यह कदम मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

सचिव द्वारा राष्ट्रीय टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश में संचालित 17 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एम.एम.यू.) में पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे यूनिट स्थापित करने हेतु भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किए जाने पर भी दिशा-निर्देश दिये गए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही है। टी.बी. रोग उन्मूलन लक्ष्यों की प्राप्ती हेतु दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों के लिए टी.बी. जांच की सुविधा और भी सुलभ हो जाएगी।

राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय देहरादून व उप जिला चिकित्सालय मसूरी में आई ओटी हेतु उपकरणों की खरीद हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया। जनपद टिहरी गढ़वाल व पिथौरागढ़ हेतु कार्यक्रम के अंतर्गत एक-एक सचल नेत्र चिकित्सा वाहन का संचालन प्रस्ताव प्रेषित किया गया। जिसमें सूदूर क्षेत्रों में सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से नेत्र परीक्षण कर उपचार प्रदान किया जाएगा।

हीमोग्लोबिनोपैथी कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य में जनजातीय समुदाय में सिकल सेल स्क्रीनिंग प्रारंभ किए जाने हेतु भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया गया। जिसमें राज्य में जनजातीय समुदाय के लोग लाभन्वित होंगे तथा भविष्य में सिकल सेल उन्मूलन हेतु कार्य किया जा सकेगा। साथ ही जिला चिकित्सालय बागेश्वर व बेस चिकित्सालय हल्दवानी में स्थापित रक्तकोष के सुदृढ़ीकरण हेतु भारत सरकार से उपकरणों की मांग की गई।

बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर, निदेशक एनएचएम डॉ. सरोज नैथानी, प्रभारी अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह, डॉ. अजय कुमार नगरकर, डॉ. अर्चना ओझा, डॉ. अर्जुन सिंह सेंगर, डॉ. मुकेश रॉय, आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा के लिए परीक्षार्थी रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे, धामी सरकार ने जारी किए आदेश

0
free roadways buses for ukpsc's PCS main exam.

Uttarakhand News: उत्तराखंड राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा 2 दिन बाद आयोजित होने वाली पीसीएस मुख्य परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को आने जाने के लिए रोडवेज बसों में किराया नहीं देना होगा। पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की बसों में परीक्षा के दिन अभ्‍यर्थी उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में मुफ्त में सफर कर सकेंगे।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि उत्तराखंड में जो पीसीएस की परीक्षाएं शुरू हो रही है उन्हें लेकर सरकार ने ये फैसला लिया है कि उत्तराखंड परिवहन की बसों में ऐसे अभ्यार्थियों को कोई किराया नहीं लिया जाएगा ।‌‌ इन परीक्षार्थियों के लिए सरकारी बसों में निशुल्क परिवहन की व्यवस्था की गई है। ये अभ्यार्थी परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए निशुल्क उत्तराखंड परिवहन की बसों में सफर कर पाएंगे।

परिवहन सचिव अरविंद ह्यांकी ने मंगलवार को इसके आदेश जारी कर दिए। सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 23 से 26 फरवरी तक परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा मिलेगी। परिवहन निगम के एमडी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

परीक्षार्थी के गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक की यात्रा सुविधा फ्री रहेगी। सरकार की ओर से इस खर्च का वहन किया जाएगा। लोक सेवा आयोग की यह परीक्षा आगामी 23 फरवरी से 26 फरवरी 2023 तक होने वाली है। इससे पहले ये परीक्षा 28 जनवरी से 31 जनवरी के बीच आयोजित होने वाली थी।

पतवाड़ी में चला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुल्डोजर, 26350 वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण को किया ध्वस्त

0
demolished encroachment in Patwadi

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को पतवाड़ी में अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाया। प्राधिकरण ने 26350 वर्ग मीटर जमीन को खाली करा लिया। यहां पर कालोनाइजर अवैध कालोनी विकसित कर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। खाली कराई गई जमीन कीमत करीब 72 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने परियोजना विभाग व भूलेख विभाग को अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल तीन के प्रभारी आरए गौतम व एसडीएम जितेंद्र गौतम के नेतृत्व में मंगलवार को गांव पतवाड़ी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। पतवाड़ी के खसरा नंबर 557, 561, 562, 568, 619 व 622 की 26350 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा था।

कालोनाइजर यहां अवैध कालोनी काटने के साथ ही दुकानें भी बन रहीं थीं। क्रशर भी लगे हुए थे। अवैध निर्माण हटाने से पहले प्राधिकरण की तरफ से धारा-10 की नोटिस दी गई, लेकिन कालोनाइजरों पर कोई असर नहीं पड़ा, जिसके चलते प्रशासन, स्थानीय पुलिस व प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मदद से मंगलवार को इन खसरा नंबरों की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को ढहा दिया।

यह कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई और शाम चार बजे तक चली। इस कारवाई में 8 जेसीबी व डंफर का इस्तेमाल किया गया। इसमें प्राधिकरण की तरफ से किसानों के छह फीसदी आवासीय भूखंड नियोजित किए गए थे। खाली कराई गई जमीन की कीमत करीब 73 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने अधिसूचित अथवा अधिग्रहित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

जनसुनवाई में ग्रेनो प्राधिकरण की सीईओ ने निपटाईं शिकायतें

0

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने मंगलवार को जन सुनवाई की। इस दौरान छह फीसदी आबादी भूखंड लगाने से जुड़े कई प्रकरण सामने आए, जिस पर सीईओ ने नियोजन व भूलेख विभाग से कड़ी नाराजगी जाहिर की और किसानों की जमीन अधिग्रहण की तिथि के हिसाब से आबादी के भूखंड शीघ्र लगाने के निर्देश दिए।

अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण रोकने में लापरवाही पर भी वर्क सर्किल व भूलेख विभाग को कड़ी फटकार लगाई। गांवों में पानी सप्लाई के कनेक्शन देने के लिए भी अभियान चलाने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान एसीईओ प्रेरणा शर्मा, एसीईओ अमनदीप डुली व एसीईओ आनंद वर्धन भी मौजूद रहे।

ग्रेनो वेस्ट में भी बर्तन बैंक जल्द खोलने की तैयारी, जानिए क्या है बर्तन बैंक?, सीईओ ने की जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्टों की समीक्षा, PET रजिस्ट्रेशन एप जल्द तैयार करने के दिए निर्देश

0

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा की तरह ही ग्रेनो वेस्ट में भी कार्पोरेट सोशल रेस्पोंसबिलिटी फंड से जल्द ही बर्तन बैंक खुलवाया जाएगा। सीईओ रितु माहेश्वरी ने ग्रेटर नोएडा में ई-वेस्ट के लिए कलेक्शन और प्रोसेसिंग के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएंडडी वेस्ट, अस्तौली की लैंडफिल साइट, एमआरएफ केंद्रों की भी समीक्षा की।

क्या है बर्तन बैंक?

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए बर्तन बैंक खोलने की मुहिम शुरू की है। आपको बताते हैं कि बर्तन बैंक क्या है? दरसल बर्तन बैंक में निःशुल्क स्टील के बर्तन (प्लेट, ग्लास तथा एक चम्मच का एक सेट) प्रदान किए जाते हैं। शादी हो, भंडारा हो या फिर घर में बर्थडे हो, अब किराए पर स्टील के बर्तन लाने कि चिंता नहीं रहती है। जरूरतमंद बर्तन बैंक से निशुल्क बुकिंग कराकर बर्तन प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग के समय 100 रुपये पंजीकरण राशि देनी होती है, जो कि बर्तन वापस करने पर रिफंड हो जाएगी। बर्तनों की बुकिंग हेतु आवेदक को न्यूनतम 24 घंटे पूर्व आवेदन करना होगा। बर्तन बैंक से बर्तन प्राप्त करने हेतु उपभोक्ताओं को आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा मतदाता पहचान पत्र में से किन्हीं दो पहचान पत्रों को जमा करना होगा। बर्तनों के प्रयोग के पश्चात बर्तनों को साफ कर के बैंक को 24 घंटों के भीतर वापस करने होंगे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जलपुरा स्थित गोशाला में एक और शेड का निर्माण करा दिया है। करीब 500 गोवंश इसके नीचे आराम से बैठ सकते हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने  मंगलवार को जनस्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। सीईओ ने पौव्वारी में बन रही गोशाला का निर्माण भी तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही PET रजिस्ट्रेशन एप को भी जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए।

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा स्थित गोशाला में करीब 2500 गोवंश हैं। इनकी देखरेख प्राधिकरण कर रहा है। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने गोशाला में गोवंशों के छांव के लिए और शेड बनवाने के निर्देश दिए थे। अब यह शेड बन गया है। इस शेड के नीचे करीब 500 गोवंश बैठ सकते हैं। सीईओ ने गोशाला में गोवंशों के चारे का इंतजाम, इलाज आदि सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए।

पौव्वारी में बन रही गोशाला का 18 हजार वर्ग मीटर में स्थित इस गोशाला के बन जाने से 500 गोवंश रह सकेंगे। इसमें शेड, भूसाघर,  चिकित्सक रूम, गार्ड रूम, कर्मचारियों के रूम, बाउंड्री वॉल आदि सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। नोएडा की तरह ग्रेटर नोएडा में भी पालतू जानवरों के पंजीकरण कराने की योजना है। सीईओ ने समीक्षा बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग को पेट रजिस्ट्रेशन एप भी जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू: पहले दिन 9000 यात्रियों ने करवाया पंजीकरण, यात्रा से पूर्व ही GMVN को मिली 4 करोड़ की बुकिंग

0
Chardham Yatra Online registration

Chardham Yatra Online booking: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल 22 अप्रैल से शुरू हो रही है। इस बार भी चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्दालुओं के लिए आने वाले रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी विभागों को समय से अपना होमवर्क तैयार करने के निर्देश देने के साथ-साथ क्लाइमेटेशन और कैरिंग कैपेसिटी का विशेष ध्यान रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे और बीआरओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चारधाम रूट की सभी सड़कों को समय से दुरुस्त कर लें। उन्होंने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए 4 तरह से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से होगी। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को तो बदरीनाथ के 27 अप्रैल को खुलेंगे जबकि परंपरा के अनुसार 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक के बाद पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए आज से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं। पर्यटन विभाग का पोर्टल सुबह सात बजे से खुला रहेगा। चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in या व्हाट्सअप नंबर 8394833833 या टोल फ्री नंबर 1364 के जरिये भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए 4 तरह से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है जिसमें ऑनलाइन पंजीकरण, ऐप के माध्यम से पंजीकरण, ऑन कॉल पंजीकरण और व्हाट्सएप के माध्यम से पंजीकरण करवाया जा सकता है।

महाराज ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस बार भी चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। जीएमवीएन के गेस्ट हॉउसों के पिछले 4 दिनों में ढाई करोड़ की बुकिंग की बुकिंग की जा चुकी है। मंगलवार (आज) से प्रारंभ हुए पंजीकरण के तहत अब तक बद्रीनाथ एवं केदारनाथ के लिए 9 हजार यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। धामों में कतार प्रबंधन हेतु स्लॉट टोकन व्यवस्था की शुरुआत की गई है। यात्रियों के पंजीकरण तथा यात्रा संबंधित जानकारी हेतु कंट्रोल रूम की स्थापना के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा से पूर्व यात्रा मार्ग की सभी सड़कों के सुधारीकरण, पैच वर्क और गड्ढा मुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग, एनएच और बीआरओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सड़कों की निगरानी के लिए लोक निर्माण विभाग को ऐप बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर अधिकांश मार्ग अवरुद्ध होते हैं ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर जेसीबी आदि की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी। मार्ग अवरुद्ध होने पर मार्ग खोलने की मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जेसीबी, पोकलैंड मशीन, रिकवरी वैन बुलडोजर की व्यवस्था के साथ-साथ सुपरवाइजर और चालकों के मोबाइल नंबर की उपलब्धता के भी निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गो में क्रैश बैरियर तथा साइनेज लगाए जाने की भी व्यवस्था की जा रही है।

तस्वीर शेयर करने को लेकर विवाद : दो IPS और IAS महिला अफसरों के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई लड़ाई ने सरकार की कराई फजीहत, दोनों का बिना पोस्टिंग के किया ट्रांसफर

0
IPS D Roopa Moudgil and IAS Rohini Sindhuri

War on social media between women IPS and IAS : कर्नाटक में दो महिला अफसरों आईपीएस और आईएएस के बीच कई दिनों से सोशल मीडिया पर शुरू हुई लड़ाई ने सरकार की भी किरकिरी करा दी है। आईपीएस अधिकारी डी रूपा मौदगिल और आईएएस रोहिणी सिंधुरी के बीच सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें शेयर करने को लेकर लड़ाई हुई थी। इसके बाद दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि कर्नाटक सरकार को भी हस्तक्षेप करना पड़ा है। ‌

जिसके बाद सरकार ने आईपीएस डी रूपा मौदगिल और आईएएस रोहिणी सिंधुरी का ट्रांसफर कर दिया गया है। खास बात यह है कि दोनों को कोई पोस्टिंग नहीं दी गई है। आईपीएस रूपा के आईएएस पति का भी ट्रांसफर किया गया है। यानी अगले आदेश तक वह राज्य मुख्यालय से अटैच रहेंगी। आईपीएस रूपा ने कथित रूप से दावा किया था कि सिंधुरी ने तीन आईएएस अफसरों को अपनी निजी तस्वीरें खुद भेजी थीं।

राज्य के गृह मंत्री ज्ञानेंद्र ने कहा था कि हम चुप नहीं बैठे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे दोनों इतना बुरा व्यवहार कर रही हैं, जैसा कोई आम आदमी भी सड़क पर नहीं करेगा। चाहे उनके जो कुछ भी व्यक्तिगत मुद्दे हों, लेकिन (मामले का) मीडिया के सामने आना और इस तरह का व्यवहार करना सही नहीं है। दोनों अधिकारियों के बीच मनमुटाव तब बढ़ गया जब डी रूपा ने फेसबुक पर रोहिणी सिंधुरी की निजी तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने दावा किया कि रोहिणी सिंधुरी ने पुरुष आईएएस अधिकारियों को उनकी तस्वीरें भेजकर सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन किया है। डी रूपा ने आरोप लगाया कि सिंधुरी ने 2021 और 2022 में तीन अधिकारियों के साथ उनकी तस्वीरें शेयर की थीं। इसके तुरंत बाद आईएएस रोहिणी सिंधुरी ने आईपीएस रूपा पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘मुझे बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया और वॉट्सऐप स्टेटस से मेरी तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लिए गए हैं। जैसा कि रूपा ने दावा किया है कि मैंने ये तस्वीरें कुछ अफसरों को भेजी हैं तो मैं उनसे अफसरों के नाम सार्वजनिक करने की अपील करती हूं।’

विवाद के बाद एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में सिंधुरी ने आईपीएस रूपा पर हमला करते हुए कहा कि मानसिक बीमारी एक बड़ी समस्या है। इसका इलाज काउंसलिंग और दवाओं से होना चाहिए। बता दें कि रोहिणी सिंधुरी कर्नाटक कैडर की 2009 बैच की आईएएस अफसर हैं। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश की निवासी हैं। 2015 में मांड्या जिला पंचायत के सीईओ के पद पर रहते हुए एक लाख टॉयलेट बनवाने का रिकॉर्ड उनके नाम पर है। इसके लिए उन्हें पीएम मोदी पुरस्कार भी दे चुके हैं।

आईपीएस रूपा का दावा है कि आईएएस सिंधुरी ने एक लाख टॉयलेट का गलत दावा किया था। आईपीएस डी रूपा भी काफी चर्चित अधिकारी हैं। उन्होंने एआईएडीएमके की नेता शशिकला को जेल के अंदर स्पेशल ट्रीटमेंट का खुलासा किया था। ट्रांसफर के पहले वह कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम में एमडी के पद पर कार्यरत थीं। इसके साथ ही डी रूपा ने कुछ ऐसे खुलासे किए थे, जिसके बाद उनके बॉस यानी कर्नाटक के एडीजी (जेल) को पद से हटना पड़ा था।

Agnipath scheme: अग्निपथ स्कीम के तहत अग्निवीरों की भर्ती में किए गए ये बदलाव, आवेदन की आखिरी तिथि 15 मार्च 2023

0
Agnipath scheme

Agnipath scheme: अग्निपथ स्कीम के तहत केंद्र सरकार ने नियमों में एक बार फिर से बदलाव किया है। अब अग्निवीर भर्ती परीक्षा में आईटीआई, पॉलिटेक्निक पास उम्मीदवार अप्लाई कर सकेंगे। ‌हालांकि इस तरह के आवेदन केवल टेक्निकल ब्रांच में ही होंगे। सरकार की इस पहल से उन प्री स्किल्ड युवाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा जो अपने आप को पहले वंचित मानकर चल रहे थे। इसका लाभ यह होगा कि योजना में अब ज्यादा से ज्यादा लोग प्रतिभाग कर सकेंगे।

बता दें कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के रजिस्‍ट्रेशन शुरू हुए हैं। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 15 मार्च 2023 है, जबकि चयन परीक्षा 17 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। नोटिफिकेशन के अनुसार, अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल क्‍लर्क, स्‍टोर कीपर, ट्रेड्समैन के पद भरे जाएंगे।

अग्निवीर चयन प्रक्रिया में हाल ही में किए गए बदलाव के बाद अब उम्‍मीदवारों को सबसे पहले लिखित परीक्षा पास करनी होगी। इसमें क्‍वालिफाई होने वाले उम्‍मीदवार ही फिजिकल टेस्‍ट के लिए आमंत्रित किए जाएंगे। लिखित परीक्षा 17 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) (ऑल आर्म्स) के लिए कक्षा 10वीं पास उम्‍मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, अग्निवीर (टेक्निकल) (ऑल आर्म्‍स) के लिए 12वीं पास उम्‍मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अग्निवीर क्‍लर्क (स्‍टोर कीपर) पदों के लिए न्‍यूनतम 60 प्रतिशत नंबरों के साथ 12वीं पास अप्लाई कर सकते हैं।

अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए 8वीं-10वीं पास उम्‍मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अब नये बदलाव के आईटीआई-पॉलिटेक्न‍िक पास आउट युवा भी आवेदन कर सकेंगे। अग्निपथ भर्ती वर्ष 2023-24 के लिए अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर विजिट कर ऑनलाइन माध्‍यम से आवेदन कर सकते हैं।

तुर्की में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.4 रही, तीन लोगों की मौत, 300 घायल

0
earthquake once again in Turkey

तुर्की और सीरिया में 14 दिन पहले 6 फरवरी को आए विनाशकारी भूकंप के बाद अभी पूरी तरह से राहत बचाव का कार्य खत्म भी नहीं हुआ था कि सोमवार रात एक बार फिर से धरती डोल गई। ‌तुर्की और सीरिया में सोमवार रात 8.04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.4 रही। इसका केंद्र अंताक्या प्रान्त का हताय शहर था।

भूकंप की गहराई 2 किलोमीटर तक रही। इसके बाद आए आफ्टर शॉक्स की तीव्रता 3.4 से 5.8 रही। जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 300 घायल हो गए। सोमवार को आए भूकंप के झटके लेबनान, इजराइल और साइप्रस में भी महसूस किए गए। भूकंप के झटके बाद लोग अपने घरों से बाहर आ गए और हर तरफ अफरा तफरी का माहौल दिखा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले तुर्की और पड़ोसी सीरिया में छह फरवरी को भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई थी। इसके एक-दो दिन बाद भी कई बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। जिससे मरने वालों की संख्या 45,000 से ज्यादा हो गई है।

ऐसे में एक बार फिर आए इस झटके ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारत ने तुर्की-सीरिया की मदद के लिए बचाव दल भेजा था। दल बचाव अभियान पूरा कर वापस लौटी चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को उनसे मुलाकात भी की और बातचीत की। भारत ने तुर्की और सीरिया में मदद के लिए ‘ऑपरेशन दोस्त’ चलाया था।