Home Blog Page 519

Char Dham Yatra 2023 Registration: चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, यहाँ करें यात्रियों और गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, जानें पूरा प्रॉसेस

0
CharDham-Yatra-2023

Char Dham Yatra 2023 online booking: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 22 अप्रैल 2023 से शुरू होने जा रही है। चार धाम के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड और बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी को भी दर्शन की अनुमति नहीं होगी। इस बार पहली बार चारधाम पर आने वाले यात्री एडवांस बुकिंग कर सकेंगे,जिसके लिए आज यानी 21 फरवरी से यात्रियों और गाड़ियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गयी है। इस बार ऑफलाइन पंजीकरण के लिए चारधाम यात्रा मार्गों पर काउंटर नहीं खोले जाएंगे। केवल ऋषिकेश स्थित यात्रा कार्यालय में ही एक काउंटर खुलेगा।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और चारों धामों में भीड़ को कम करने के लिए इस बार टोकन व्यवस्था भी लागू की गई है। पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में रजिस्ट्रेशन मैंडेटरी होगा,फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके साथ ही तमाम मूलभूत सुविधाओं के लिए उत्तराखंड के सभी विभाग आपस में समन्वय और सामंजस्य बनाकर चलेंगे ताकि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी किस्म की दिक्कतें ना हों।

चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

अगर आप वेबासाइट के लिए जरिए रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं तो आपको registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद आप Register/Login पर जाकर नाम, फोन नंबर समेत अन्य जानकारियां देकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा touristcareuttarakhand ऐप पर भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप पर आप 8394833833 पर Whatsapp कर सकते हैं। इस माध्यम से रजिस्ट्रेशन के लिए आपको इस नंबर पर yatra मैसेज करना होगा। इसके बाद आपसे कुछ सवाल किए जाएंगे, जिनका जवाब देते हुए आप चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर 01351364 पर भी इस बारे में जानकारी ले सकते हैं।

बता दें कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष मंगलवार 25 अप्रैल को प्रात:6 बजकर 20 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे। जबकि 20 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा होगी  तथा 21 अप्रैल शुक्रवार को भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली केदारनाथ प्रस्थान करेगी।

इस दिन पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी विश्राम करेगी। 22 अप्रैल को रात्रि विश्राम हेतु डोली फाटा पहुंचेगी।

बीवीआर सुब्रमण्यम को नीति आयोग का नया सीईओ नियुक्त किया गया, कार्मिक मंत्रालय ने जारी किया आदेश

0
BVR Subramaniam NITI Ayog CEO

BVR Subramaniam NITI Ayog CEO:पूर्व आईएएस ऑफिसर बीवीआर सुब्रमण्यम को नीति आयोग का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। वह परमेश्वरन अय्यर का स्थान लेंगे, जिन्हें वर्ल्ड बैंक का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है।

कार्मिक मंत्रालय के सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने सुब्रमण्यम की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से दो साल के लिए की गई है।

नीति आयोग के सीईओ के रूप में काम कर रहे अय्यर को तीन साल के कार्यकाल के लिए विश्व बैंक मुख्यालय, वाशिंगटन डीसी, यूएसए के कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि अय्यर 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी राजेश खुल्लर की जगह लेंगे, जिन्हें उनके कैडर राज्य हरियाणा में वापस भेज दिया गया है।

ग्रेटर नोएडा के गांव व हो सेक्टर, अब हर जगह होगी सफाई और उठेगा कूड़ा, प्राधिकरण ने जारी किया टेंडर

0
greater-noida-authority

Greater Noida news : ग्रेटर नोएडा के हर गांव हो या सेक्टर, बहुत जल्द सभी घरों से कूड़ा भी उठेगा और हर सड़क की साफ-सफाई भी होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन, मैनुअल स्वीपिंग व मैकेनिकल स्वीपिंग के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इन कार्यों के लिए एक माह में कंपनियों का चयन कर काम शुरू कराने की योजना है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी की मंशा है कि ग्रेटर नोएडा के गांव हो या सेक्टर, हर घर से कूड़ा उठना चाहिए, ताकि ग्रेटर नोएडा का कोना-कोना स्वच्छ बन सके। सीईओ के निर्देश पर ही प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग ने डोर टू डोर कलेक्शन, मैनुअल व मैकेनिकल स्वीपिंग के टेंडर निकाल दिए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा शर्मा ने बताया कि डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन का टेंडर 17 फरवरी को निकाल दिया गया है। इसके अंतर्गत सभी घरों से 10 साल कूड़ा उठाने और प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाने के लिए करीब 213 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

इच्छुक कंपनियां ऑनलाइन पोर्टल (https://etender.up.nic.in/) के जरिए 06 मार्च तक बिड डॉक्यूमेंट अपलोड कर सकती हैं। 09 मार्च को इसकी तकनीकी बिड खुलेगी। इसका ब्योरा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट (https://www.greaternoidaauthority.in/) पर देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि मौजूदा व्यवस्था में डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन की सुविधा ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्से में नहीं है, जिन्हें इस बार के टेंडर में शामिल कर लिया गया है। चयनित कंपनी पूरे ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों व गांवों से डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन करेगी।

एसीईओ ने बताया कि दूसरा टेंडर भी 17 फरवरी को जोन-5 के अंतर्गत 18, 24 व 30 मीटर तक की चौड़ी सड़कों की मैनुअल स्वीपिंग के लिए निकाला गया है। करीब 24.67 करोड़ रुपये के इस कार्य के लिए चयनित कंपनी दो साल तक इन सड़कों की सफाई करेगी। इस टेंडर के लिए भी इच्छुक कंपनियां 06 मार्च तक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकती हैं। 09 मार्च को इसकी तकनीकी बिड खुलेगी। डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन (सेंट्रलाइज्ड) और मैनुअल स्वीपिंग के टेंडर की प्री बिड मीटिंग 24 फरवरी को प्रस्तावित है।

बता दें, कि मैनुअल स्वीपिंग के लिए ग्रेटर नोएडा को चार जोन में बांटा गया है। इन चारों जोन की 30 मीटर तक चौड़ी सड़कों की मैनुअल स्वीपिंग हो रही है, लेकिन कुछ एरिया की सड़कें अछूती रह गईं थीं। इनके लिए जोन 5 बनाया गया है। इसमें औद्योगिक सेक्टरों की 30 मीटर तक की चौड़ी सड़कें, ईडब्ल्यूएस सोसाइटी, छह फीसदी आबादी भूखंड रोड आदि भी शामिल हैं। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर अब इसका भी टेंडर निकाल दिया गया है। वहीं, 30 मीटर से ऊपर चौड़ी सड़कों की सफाई के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग (पार्ट 2 व 4) का टेंडर भी प्राधिकरण ने निकाल दिया गया है।

एसीईओ प्रेरणा शर्मा ने बताया कि करीब 25.82 करोड़ रुपये के इस टेंडर के लिए 22 फरवरी से 10 मार्च के बीच आवेदन किया जा सकता है। चयनित कंपनी 05 साल तक इन सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग करेगी। इच्छुक कंपनियां इस टेंडर की पूरी जानकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट (https://www.greaternoidaauthority.in/) और ऑनलाइन पोर्टल (https://etender.up.nic.in/) पर देख सकते हैं।

प्राधिकरण ने इस टेंडर में आवेदन की इच्छुक कंपनियों की प्री बिंड मीटिंग 01 मार्च को तय की है। इन सभी टेंडरों के लिए ऑनलाइन पोर्टल आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने ग्रेटर नोएडा को स्वच्छता में शिखर पायदान पर पहुंचाने के लिए सभी निवासियों से सहयोग मांगा है। उन्होंने कूड़े को इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील की है।

ग्रेटर नोएडा : UPSIDC Site-C की बिल्डर सोसायटियों में रहने वाले लोगों में जगी रजिस्ट्री की उम्मीद

0
upsidc site c surajpur greater noida,UPSIDC Site C, Surajpur, Greater Noida‌

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित UPSIDC Site-C में बिल्डर सोसायटियों में रहने वाले लोगों में अब रजिस्ट्री की उम्मीद जगी है। सोमवार को UPSIDC के अधिकारियों, स्कूल ऑफ प्लानिंग भोपाल और साइट- सी निवासियों के बीच एक संयुक्त बैठक हुई। जिसमें शिवालिक होम, मिगसन आदि सोसायटी वासियों ने ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट और रजिस्ट्री के मुद्दे को प्रमुखता के आधार पर रखा।

बता दें कि रजिस्ट्री की मांग को लेकर सोसायटीवासी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। शिवालिक होम, मिगसन, ओएसिस आदि सोसायटियों के निवासी 6-7 सालों से फ्लैटों की रजिस्ट्री ना होने के चलते परेशान हैं। एसपीए भोपाल ने अंतरिम सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। अंतिम रिपोर्ट 10 मार्च तक जमा करनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट और रजिस्ट्री की कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

बैठक में एसपीए भोपाल के अधिकारियों सहित यूपीसीडा की महाप्रबंधक मीना भार्गव, क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा के अलावा रमेश चंद्र शर्मा, प्रवीन कुमार, संजय जायसवाल, प्रमोद शर्मा, अमित झा आदि फ्लैट बायर्स शामिल हुए।

ग्रेटर नोएडा में मेगा जॉब फेयर: 50 से अधिक नेशनल व मल्टीनेशनल कंपनियां ले रही हैं हिस्सा

0
HIMT Mega Job Fair 2023

ग्रेटर नोएडा : नौकरी की तलाश कर रहे बीटेक, एमबीए, फाम्रेसी व लॉ आदि कोर्स के छात्र- छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित HIMT ग्रुप ऑफ इंस्टीटूशन्स में 23 एवं 24 फरवरी को मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय जॉब फेयर में एनसीआर के अलावा अन्य राज्यों के छात्र- छात्राओं को शामिल होने का मौका दिया जाएगा।

संस्थान के चेयरमैन हेम सिंह बंसल ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा शिक्षित युवाओं को रोजगार मिल सके, इसके लिए मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। जॉब फेयर में अलग-अलग क्षेत्र की 50 से अधिक नेशनल व मल्टीनेशनल कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आ रही हैं। उन्होने बताया कि जॉब फेयर में सभी संस्थानों के छात्रों को शामिल होने का मौका दिया जाएगा।

अब तक 4500 से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। मौके पर भी रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। मैनेजमेंट, आईटी, फाम्रेसी व लॉ आदि कोर्स के छात्रों के लिए अच्छा मौका है। इस मौके पर समूह निदेशक डॉ. टी दुहन आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

सीएम धामी बोले मैं भी पेपर लीक केस की CBI जांच कराना चाहता हूं लेकिन…..

0
CM Dhami said I also want CBI inquiry into the paper leak case

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बड़ा बयान देते हुए कहा कि मैं भी चाहता हूं पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच हो। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुछ इंतजार करना होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि वह छात्रों को गुमराह न करें। ‌मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आयोग की सभी भर्तियां पूरी होने के बाद सीबीआई जांच कराऊंगा। छात्र किसी के बरगलाने में न आएं। पेपर न होने से छात्रों को दिक्‍कत आएगी।

सीएम ने कहा कि आयोग की सभी भर्तियां पूरी होने के बाद हम सीबीआई जांच भी कराएंगे। उन्होंने कहा कि न्यायालय भी कह चुका है कि शासन की जांच सही है, बावजूद विपक्ष चाहता है कि युवा सड़क पर प्रदर्शन करें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वो भी सीबीआई जांच कराना चाहते हैं। लेकिन, एक बार भर्ती का मामला सीबीआई के पास चला गया तो पांच से सात साल तक कोई परीक्षा नहीं होती। सरकार चाहती है कि एक बार नए कैलेंडर के लिए भर्ती का काम पूरा हो जाए तो वो सीबीआई जांच कराएंगे। इस मामले में हाईकोर्ट का पहले भी निर्णय आ चुका है और न्यायालय ने भी माना है कि जो जांच चल रही है, वह सही दिशा में चल रही है। अब तक 60 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। सरकार ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आने वाली है, जो युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नकली माफियाओं को समर्थन करने वाले लोग बहुत परेशान हैं। क्योंकि अब युवाओं के भविष्य के खिलवाड़ करने वालों को दिन में ही जेल जाने के सपने दिखाई देने लगे हैं। सरकार ने तय किया कि रास्ता चाहे कितनी भी कठिन हो, लेकिन नकल माफियाओं का किसी भी कीमत नहीं छोड़ा जाएगा।

कांग्रेस के अधिवेशन शुरू होने से पहले ईडी ने छत्तीसगढ़ में पार्टी के नेताओं के ठिकानों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी, 4 दिन पहले कार्रवाई

0
ED raids in Chhattisgarh

चार दिन बाद यानी 24 फरवरी से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होने वाले अधिवेशन के लिए कांग्रेस जोर-शोर से तैयारी शुरू कर रही थी। इस अधिवेशन में सोनिया गांधी और राहुल भी आएंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। अधिवेशन शुरू होने से पहले आज प्रवर्तन निदेशालय ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मार कार्रवाई शुरू कर दी है। ‌इसमें विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं।

ईडी ने कोयला लेवी घोटाले में कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी पर एजेंसी ने एक्शन लिया है। इनसे जुड़े रायपुर की श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा में छापे मारे गए। प्रवर्तन निदेशालय के अचानक मारे गए छापे से कांग्रेस भड़क गई है। कांग्रेस ने कहा कि ये कार्रवाई अधिवेशन को डिस्टर्ब करने के लिए है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा पिछले 9 सालों में ईडी ने जो रेड की हैं उसमें 95% विपक्षी नेता हैं, और सबसे ज्यादा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ है। रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन के पहले मोदी सरकार की ओर से  प्रवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग कर छत्तीसगढ़ के हमारे कांग्रेस नेताओं पर छापा मारना, भाजपा की कायरता को दर्शाता है । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अडाणी की सच्चाई खुलने और भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से हताश हो चुकी भाजपा ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। पार्टी रायपुर में ईडी दफ्तर का घेराव करेगी। यह घेराव दोपहर बाद होगा।

भूपेश बघेल ने सोमवार को ट्वीट कर ईडी के छापों की जानकारी दी। लिखा- प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई साथियों के घरों पर ईडी ने छापा मारा है। 4 दिन के बाद रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन है। तैयारियों में लगे साथियों को इस तरह रोककर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। भारत जोड़ो की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है। यह ध्यान भटकाने का प्रयास है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।

उत्तराखंड रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़े पीएम मोदी, बोले लाखों युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र

0
uttarakhand ke rojagar mela

Uttarakhand Rojgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘उत्तराखंड रोजगार मेला’ को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बीते कुछ महीनों में देश भर में लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं और आठ करोड़ युवा पहली बार उद्यमी बने हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा यह निरंतर प्रयास है कि हर युवा को उसकी रूचि और योग्यता के अनुसार नए अवसर मिलें, सभी को आगे बढने का उचित माध्यम मिले। सरकारी सेवाओं में भर्तियों का यह अभियान भी इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है। बीते कुछ महीनों में केंद्र सरकार ने देश के लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं।’’ इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में जहां भी भाजपा की सरकार है, उन सभी जगहों पर बड़े पैमाने पर इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा, ”हमें उस पुरानी धारणा को बदलना है कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती। इसलिए हमारा निरंतर यह प्रयास रहा है कि पहाड़ में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनाए जाएं। आज जैसे जैसे उत्तराखंड के दूर सुदूर के इलाके रोड, रेल और इंटरनेट से जुड़ रहे हैं वैसे वैसे पर्यटन का भी विस्तार हो रहा है। नए पर्यटन स्थल पर्यटन के मानचित्र पर आ रहे हैं। इससे उत्तराखंड के युवाओं को वहीं पर रोजगार मिल रहे हैं जिसके लिए वो पहले बड़े शहरों का रुख करते थे।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”जिनको आज नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उनके लिए यह नई शुरुआत का अवसर है। अपने सेवा भाव से आपको, राज्य और राष्ट्र में विकास और विश्वास के प्रयासों में अपना भरपूर योगदान देना है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से भारत के युवाओं को नई सदी के लिए तैयार करने का संकल्प आज देश ने लिया है। उत्तराखंड में इस संकल्प को जमीन पर उतारने का दायित्व आप जैसे मेरे युवा साथियों के कंधे पर है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना भी रोजगार व स्वरोजगार में बड़ी मदद कर रही है। पूरे देश में 38 करोड़ मुद्रा ऋण दिए जा चुके हैं। उत्तराखंड के हमारे हजारों साथी भी इसका लाभ ले चुके हैं।

उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों को शीघ्र मिलेंगे 171 असिस्टेंट प्रोफेसर : डॉ. धन सिंह रावत

0
Medical colleges of Uttarakhand will soon get 171 assistant professors

Uttarakhand News: उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र ही 171 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। इससे मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी दूर तो होगी ही, साथ में यहां आने वाले मरीजों को भी बेहतर उपचार मिल सकेगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग को उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा 24 संकायों के लिए चयनित चिकित्सकों की अंतिम सूची प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही चयनित फैकल्टी सदस्यों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नियुक्ति पत्र बांटेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र ही फैकल्टी सदस्य के रूप में 171 चिकित्सक की नियुक्ति होगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में रिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर के 339 पदों का अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा था। जिनको लेकर चयन बोर्ड द्वारा 171 चिकित्सकों का असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए चयन कर अंतिम सूची जारी कर दी है। इन सभी चयनित चिकित्सकों की तैनाती सूबे के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों जैसे श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और रुद्रपुर में की जाएगी। धन सिंह रावत ने कहा रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों चयनित फैकल्टी सदस्यों को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र दिए जायेंगे।

प्रदेश में 171 डॉक्टरों की नियुक्ति होगी, जिसमें 8 असिस्टेंट प्रोफेसर एनाटॉमी एवं फार्माकोलॉजी संकाय में होंगे। बायोकेमेस्ट्री और ऑप्थेलमोलॅजी 7-7, एनेस्थीसिया में 19, बल्ड बैंक एवं डर्मेटोलॉजी में 3-3, कम्युनिटी मेडिसिन में 13, फॉरेंसिक मेडिसिन एवं रेस्पिरेटरी मेडिसिन (टीबी एंड चेस्ट) में 4-4, जनरल मेडिसिन एवं ओटो-राइनो-लेरिंगोलॉली में 8-8, माइक्रोबायोलॉजी में 9, पैथोलॉजी में 10, पीडियाट्रिक्स एवं आर्थोपीडिक्स 11-11, जनरल सर्जरी, ऑब्स्टेट्रीक एंड गायनी में 10-10, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन 2, फिजियोलॉजी 7, साइकाइट्री 3, रेडियोडायग्नोसिस 1 और रेडियोथेरेपी में 5 असिस्टेंट प्रोफेसर का सलेक्शन हुआ है।

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा ने हल्द्वानी की सड़कों पर निकाली महारैली, 01 मई को संसद तक मार्च का किया एलान

0

Haldwani News: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड द्वारा आज हल्द्वानी में महा रैली का आयोजन किया। महारैली में प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी अधिकारी संगठनों के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर टैक्सी स्टैंड से शुरू हुई महारैली वाटिका बैंकट हॉल तक पहुंची। जिसके बाद वाटिका वेंकट हॉल में एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने इस बात पर रोष व्यक्त किया कि सरकार लगातार कर्मचारियों के साथ धोखा कर रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी सिंह रावत ने कहा कि एक ओर जहां गैर भाजपा शासित प्रदेशों में सरकारें पुरानी पेंशन बहाल कर रही हैं, वहीं भाजपा शासित राज्यों में पुरानी पेंशन नहीं दी जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्मचारियों से आह्वान किया कि 1 मई को मजदूर दिवस के दिन देश की संसद तक मार्च के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर केंद्र सरकार को एहसास दिलाएं कि यदि पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई तो 2024 की डगर आसान नहीं होगी।

प्रदेश प्रभारी विक्रम रावत ने कहा कि किसी भी स्थिति में हमें 2024 से पूर्व पुरानी पेंशन बहाल करवानी है। उन्होंने कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वह अपनी पूरी ताकत झोंक दें और इस लड़ाई को मंजिल तक पहुंचाने मैं अपना सहयोग प्रदान करें। प्रांतीय सचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि एक ओर सांसद, विधायक एक दिन के लिए के लिए भी विधानसभा और संसद में पहुंचते हैं तो उन्हें पेंशन दी जाती है। लेकिन हमारे कार्मिकों को जीवन भर नौकरी करने के बाद भी पेंशन नहीं मिलती है।

मोर्चा की प्रदेश महिला अध्यक्ष बबीता रानी ने सभी साथियों से अनुरोध किया कि वे सपरिवार 1 मई को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने मातृशक्ति से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार इस आंदोलन में प्रतिभाग करें और पुरानी पेंशन बहाली में अपना महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जयदीप रावत ने कहा कि आज रिटायर हुए कर्मचारी 1000 से ₹2000 पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। जिससे कि उनके सम्मुख आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह उनके साथ भद्दा मजाक है।

रैली मे मिलिंद बिष्ट, तारागढ़ कड़ियाल, सोहन सिंह मांजिला, रमेश चंद्र पांडे, मनोहर कांत मिश्रा, नर्मदा पांडे, विजय मिश्रा, विजय गुप्ता, मुकेश बांगड़ा, कंचन आर्य, मोहन खातून, तरुण तिवारी, योगेश घड़ियाल, पान सिंह मेहता, दिगंबर फुलरिया, पुष्कर बांसवाड़ा, मोहन राठौर, दीप जोशी, शीतल साहब, दीपक शर्मा, पूरन सिंह, नरेंद्र भाटी, आलोक पांडे, राजीव कुमार, कन्नू जोशी, गिरीश पैन्यूली, प्रेमचंद ध्यानी, माखन लाल, जीवंती देवी, संतोष खंडूरी, डॉक्टर कमलेश मिश्रा, प्रदीप यादव आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अनुज सिंह पूजारी एवं कंचन कुमार आर्य ने किया।