Home उत्तराखण्ड बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का शानदार समापन, पांडवाज को सुनने श्रीनगर में उमडा...

बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का शानदार समापन, पांडवाज को सुनने श्रीनगर में उमडा जनसैलाब

baikunth chaturdashi mela shrinagar

श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का समोवार सांय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सफल समापन हो गया. बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले की अन्तिम संध्या पाण्डवाज बैंड के नाम रही। पांडवाज को सुनने लोग कार्यक्रम स्थल पर शाम से ही डट गये थे। कार्यक्रम में भीड इतनी ज्यादा थी कि लोग ठीक से कार्यक्रम तक नहीं देख पाये। पाण्डवाज ने अपनी एक से बढ़कर शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पाण्डवाज बैंड ने अपने प्रसिद्ध गीत समलौण, घुघूती बासुती, हे जनमभूमि तेरी जय जय कारी हो, सायरा गांव, मवारी, केदारनाथ और लैंगु पडिगे मैंगु बिंदी, फुलारी, बडुली, जन्दौली रुंदै, घुघयाल, राधा, गाजणा, नंदा तेरो डोला, गणपति देवा, रंगीलो फागुन, एगेनी फुल्लारी, सुफल, हल्ला धूम धड़ाक्का जैसे लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। बैंड की धुनों पर दर्शक देर तक थिरकते रहे और पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।

समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने नगर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, समाजसेवियों और चिकित्सकों को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बैकुण्ठ मेला श्रीनगर की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। डॉ. रावत ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, प्रशासन और नगरवासियों की सराहना की।

इस अवसर पर मेयर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुण्ठ मेला श्रीनगर नगर की पहचान बन चुका है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा मेले की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेयर भंडारी ने कहा कि यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान करता है। इस अवसर पर लैंसडाउन विधायक मेहनत दलीप रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, भाजपा पंडल अध्यख पिपिन धिल्डियाल आदि सहित पार्षद व बड़ी संख्या में गणमानय लोग उपस्थित थे।