पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जनपद में वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल सोयम वन प्रभाग की सतपुली रेंज अंतर्गत कल्जीखाल क्षेत्र में आग लगाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के उपरांत न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
26 मई को उपवन क्षेत्राधिकारी सतपुली रेंज मदन सिंह नेगी द्वारा कोतवाली पौड़ी में सूचना दी गई कि, फल्दा वन पंचायत क्षेत्र में दो व्यक्तियों द्वारा जंगल में आग लगाई जा रही है। सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग व पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की तथा दोनों व्यक्तियों को जंगल में आग लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रकरण राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण कोतवाली पौड़ी में शून्य (Zero FIR) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
वन विभाग की कार्रवाई में ग्राम फल्दा निवासी पवन कुमार तथा महेन्द्र सिंह को हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की आमजन से अपील है कि जंगलों में आग लगाने जैसी घटनाओं से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते वन संपदा, पर्यावरण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



