Leopard enters Ghaziabad court

गाजियाबाद : गाजियाबाद की जिला अदालत परिसर में बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक एक तेंदुआ घुस गया। तेंदुए को देख पूरे कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई। इसबीच तेंदुए ने हमला कर कई लोगों को घायल किया है।

तेंदुए की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तेंदुआ गाजियाबाद कोर्ट के लिफ्ट में घुस गया था। मिली जानकारी के मुताबिक तेंदुए ने वकील और सिपाही समेत 10 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। तत्काल वन विभाग की टीम को फोन से सूचना दी गई। उसके 15 मिनट बाद वन विभाग की टीम पुष्टि करने के लिए पहुंची। तब तक अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तेंदुए को पुलिस चौकी के पास बनी सीढ़ी वाले शटर में बंद कर दिया। यहां की वन विभाग के पास पर्याप्त उपकरण नहीं थे वे मेरठ टीम से मंगाया गया। जिसके बाद करीब साढ़े चार घंटे बाद वन विभाग की टीम ने बेहोश करके पकड़ लिया।

तेंदुए के हमले में सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रमोद तंवर, अधिवक्ता मोदीनगर निवासी जितेंद्र कुमार व अचिन, ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विकास कुमार, कुशलिया निवासी अशरफ खान, जहीर खान व तनवीर खान, राम पार्क एक्सटेंशन निवासी रामावती, बूट पॉलिश करने वाला सलीम, रेड एपल ग्रुप का मालिक नमन जैन घायल हुए हैं। सभी को संयुक्त अस्पताल संजय नगर और कविनगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में एंबुलेंस से ले जाकर भर्ती कराया गया।