गाजियाबाद: तेज धमाके के बाद गिरा दो मंजिला मकान, एक की मौत, 6 घायल

0
470

Ghaziabad House Collapse: गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र स्थित रूपनगर इंडस्ट्रियल एरिया में आज सुबह एक दो मंजिला जर्जर मकान धमाके के साथ गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है. जबकि 6 लोग घायल हुए हैं. घटना आज सुबह करीब 11 बजे के आसपास की है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। और कुछ ही देर में मलबे से 7 लोगों को बाहर निकाला। इसमें महिला, पुरुष और बच्चे भी थे। जिन्हें इलाज के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से कुछ को हायर सेंटर भी रेफर किया गया। हायर सेंटर से एक लड़की की मौत हो जाने की सूचना मिली है। घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है।

आसपास के लोगों ने बताया कि उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी। जिसके बाद ये हादसा हुआ। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक शकील नामक व्यक्ति ने मकान किराए पर लिया था। इसमें शकील का पूरा परिवार रहता था। आसपास के भी महिला-बच्चे रोजाना यहां पर काम करने के लिए आते थे। क्या काम किया जाता था, इसकी किसी को भी जानकारी नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि पटाखा बनाने का काम होता था। पुलिस छानबीन कर रही है।