Home उत्तराखण्ड उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, कैबिनेट मंत्री...

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य,विधायक संजीव आर्य कांग्रेस में शामिल

Minister Yashpal Arya join Congress

Yashpal Arya Joins Congress: उत्तराखंड में विधान सभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य और उनके विधायक बेटे संजीव आर्य आज दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

बता दें कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य पिछले कई दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनकी नाराजगी की खबरों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य से मिलने पहुंचे थे। दोनों के बीच नाश्ते की टेबल पर करीब एक घंटे तक बातचीत भी हुई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री ने साफ किया था कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। कहीं भी किसी प्रकार की कोई नाराजगी वाली बात नहीं है।

परन्तु इस सब के बीच सोमवार को परिवहन मंत्री यशपाल आर्य बेटे सहित कांग्रेस के साथ एक बार फिर से कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में महासचिव केसी वेणुगोपाल एवं रणदीप सुरजेवाला और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और दीपिक सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए।

यशपाल आर्य बाजपुर और उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल सीट से विधायक हैं। यशपाल आर्य पुष्कर सिंह धामी सरकार में मंत्री थे और उनके पास छह विभाग थे। जिसमें परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन और आबकारी विभाग शामिल थे। यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। यशपाल आर्य छह बार विधायक रह चुके हैं। यशपाल पूर्व में उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे हैं। यशपाल आर्य पहली बार 1989 में खटीमा सितारगंज सीट से विधायक बने थे। वह पहले भी काफी समय तक कांग्रेस पार्टी में भी रहे हैं। 69 साल के यशपाल आर्य मौजूदा समय में उत्तराखंड की सियासत में सबसे बड़ा दलित चेहरा हैं। माना जा रहा हैं कि यशपाल आर्य को कांग्रेस उत्तराखंड में दलित मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर सकती है।

कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और विधायक संजीव आर्य के कांग्रेस में शामिल होने पर देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में आतिशबाजी की व एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर कांग्रेसियों ने जश्न मनाया।